जिला आपूर्ति कार्यालय द्वारा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आमजनों को किया जा रहा जागरूक

संवाददाता खूंटी, 21 अगस्त : खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग, झारखंड सरकार एवं खूंटी जिला के उपायुक्त आर. रॉनिटा के निर्देशानुसार जिला आपूर्ति कार्यालय द्वारा आमजनों को जागरूक करने के लिए नुक्कड़ नाटक का आयोजन कर रही है। इसके तहत जिले के विभिन्न प्रखंडों के सुदूरवर्ती/पहाड़ी–दुर्गम क्षेत्रों, आदिम जन जाति समुदाय के निवास क्षेत्रों एवं हाट-बाजारों/सरकारी स्थलों/चौक–चौराहों/मेले आदि स्थलों में नुक्कड़ नाटक टीम के माध्यम से आमजनों को विभागीय योजनाओं एवं इनका वास्तविक लाभ के संबंध में जागरूक किया जा रहा है।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि विभिन्न विभागीय योजनाओं (प्राथमिकता गृहस्थी योजना, अन्त्योदय अन्न योजना, झारखंड राज्य खाद्य सुरक्षा योजना) के पात्र लाभुक नियमित रूप से जन वितरण प्रणाली की दुकानों से अपना निर्धारित राशन (चावल/गेहूं/नमक/चीनी/चना दाल एवं धोती/साड़ी/लूंगी) प्राप्त करें। नुक्कड़ नाटक के जरिए लोगों को सरल/स्थानीय भाषा एवं मनोरंजक तरीके से जानकारी दी जा रही है, ताकि वे अपने अधिकारों के प्रति सजग हों और समय पर खाद्यान्न का उठाव कर सकें।
इसके साथ ही आमजनों को सरकार द्वारा चलाई जा रही अन्य कल्याणकारी योजनाओं और उपलब्ध कराए जा रहे लाभों के संबंध में भी अवगत कराया जा रहा है। जिला आपूर्ति पदाधिकारी, खूंटी ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि इस तरह की जागरूकता गतिविधियों से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में लाभुकों की भागीदारी बढ़ेगी तथा पारदर्शिता सुनिश्चित होगी।



