चौका – कांड्रा मार्ग पर सड़क हादसे में नीमडीह के युवक की मौत

सरायकेला, 18 अगस्त : कांड्रा-चौका मुख्य मार्ग पर हुए सड़क हादसे में अर्का जैन यूनिवर्सिटी के आईटी विभाग के एक कर्मचारी की मौत हो गई। घटना कांड्रा थाना के पास हुई, जहां बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान नीमडीह प्रखंड के मुरुगडीह निवासी दिनेश कुमार महतो के रूप में हुई है। मौके से मिले पहचान पत्र से पता चला कि वह अर्का जैन यूनिवर्सिटी में कार्यरत थे। यूनिवर्सिटी के एक सहकर्मी ने भी इस बात की पुष्टि की कि दिनेश कुमार महतो आईटी विभाग में काम करते थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक अपनी बाइक (संख्या JH05CH-8108) से चौका की ओर से कांड्रा होते हुए यूनिवर्सिटी जा रहे थे। इसी दौरान थाना के पास सड़क पार कर रही एक महिला से उनकी बाइक हल्की टकरा गई, जिसके बाद वह संतुलन खो बैठे और सड़क पर गिर पड़े। हादसे में उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं, जिससे अधिक खून बह गया।
गौरतलब है कि बीते माह भी अर्का जैन यूनिवर्सिटी के दो छात्र सड़क हादसे का शिकार हुए थे, जिनमें से एक की मौत इलाज के दौरान हो गई थी। लगातार सड़क दुर्घटनाओं ने यूनिवर्सिटी परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।



