उपायुक्त ने पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति का शीघ्र भुगतान का दिया निर्देश
संवाददाता खूंटी, 14 अगस्त : खूंटी जिला समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त आर. रॉनिटा की अध्यक्षता में कल्याण विभाग अंतर्गत पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति से संबंधित बैठक हुई। बैठक में छात्रवृत्ति 2024-25 के भुगतान के लिए प्राप्त आवेदनों की समीक्षा एवं अनुमोदन हेतु जिला स्तरीय समिति ने अहम निर्णय लिया। छात्रों द्वारा भरे गए कुल 3975 प्राप्त आवेदनों की समिति द्वारा समीक्षा की गई। आवेदनों में कुल 3847 आवेदन झारखंड राज्य के छात्रों तथा 128 आवेदन खूंटी जिला के अन्य राज्यों में पढ़ाई कर रहे छात्रों द्वारा भरे गए थे। जिन्हें समिति द्वारा अनुमोदित किया गया।
अनुमोदन उपरांत उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि छात्रों को शीघ्र छात्रवृत्ति भुगतान सुनिश्चित किया जाए, ताकि उन्हें समय पर शैक्षणिक सहायता प्राप्त हो सके। बैठक में परियोजना निदेशक (आईटीडीए), जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला कोषागार पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।