शैक्षणिक भ्रमण से लौटीं 28 छात्राओं ने साझा किए अनुभव, मुख्यमंत्री और उपायुक्त को जताया आभार

Manbhum Updates
2 Min Read

शैक्षणिक भ्रमण से लौटीं 28 छात्राओं ने साझा किए अनुभव, मुख्यमंत्री और उपायुक्त को जताया आभार

जमशेदपुर, 14 अगस्त : पूर्वी सिंहभूम जिले के विभिन्न सरकारी विद्यालयों की 28 छात्राएं तीन दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण पूरा कर सकुशल लौटीं। समाहरणालय में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में छात्राओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि इस यात्रा ने उनके ज्ञान, दृष्टिकोण और प्रेरणा को नई ऊँचाइयों तक पहुंचाया। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी का विशेष आभार व्यक्त किया।

साइंस ओलंपियाड के माध्यम से चयनित छात्राओं के भ्रमण का पहला दिन विज्ञान और प्रौद्योगिकी को समर्पित रहा। इस दौरान उन्होंने श्रीहरिकोटा स्थित इसरो के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र और आर.एम.के ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के इंजीनियरिंग कॉलेज का दौरा किया, जहां उन्हें अंतरिक्ष अनुसंधान और तकनीकी नवाचार की प्रत्यक्ष जानकारी मिली।

दूसरे दिन छात्राओं ने चेन्नई स्थित स्टेट म्यूजियम और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण द्वारा संरक्षित महाबलीपुरम के ऐतिहासिक स्थलों—महाबलीपुरम किला, म्यूजियम, मंदिर और टाइगर केव—का अवलोकन किया। साथ ही कोवालम स्थित मॉडल स्कूल में शिक्षण पद्धतियों और संसाधनों का अध्ययन किया।

भ्रमण के तीसरे दिन एम.ए. चिदम्बरम स्टेडियम में खेल जगत की झलक पाने के बाद छात्राओं ने रेलवे म्यूजियम का दौरा कर भारत के रेल इतिहास को करीब से समझा।

कार्यक्रम में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि इस तरह के शैक्षणिक भ्रमण बच्चों को कक्षा से बाहर वास्तविक दुनिया से जुड़ने का अवसर देते हैं, जिससे उनका दृष्टिकोण व्यापक होता है और आत्मविश्वास बढ़ता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस अनुभव से प्रेरित होकर छात्राएं भविष्य में विज्ञान, तकनीक, खेल या अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगी और जिले, राज्य व देश का नाम रोशन करेंगी।

Share This Article