सरायकेला में समाज कल्याण एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की समीक्षा

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

सरायकेला में समाज कल्याण एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की समीक्षा

उपायुक्त ने दिए पारदर्शी और समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश

सरायकेला, 12 अगस्त : समाहरणालय सभागार में मंगलवार को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में समाज कल्याण एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में पेंशन योजनाओं, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री मइया सम्मान योजना और अनुग्रह अनुदान योजना की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।

उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन निर्धारित समयसीमा के भीतर, पारदर्शी तरीके से और लक्ष्यानुरूप किया जाए। उन्होंने लंबित आवेदनों के शीघ्र निपटारे, पात्रता सत्यापन में तेजी, जन-जागरूकता के माध्यम से अधिक से अधिक लाभुकों को योजनाओं से जोड़ने और भुगतान प्रक्रिया से संबंधित तकनीकी समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर दिया।

उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों पर नियमित VHSND आयोजन, किशोरियों को सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना का समय पर लाभ, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना और प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के लक्ष्यानुरूप वितरण के निर्देश दिए। साथ ही, सभी आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित निरीक्षण, SAM-MAM बच्चों की पहचान कर उन्हें MTC केंद्र में भर्ती कराने और उनकी सतत निगरानी करने पर बल दिया।

उपायुक्त ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में शौचालय, पेयजल, विद्युत आपूर्ति और अन्य आवश्यक बुनियादी सुविधाएँ उपलब्ध हों। पेंशन योजनाओं से संबंधित शिकायतों पर नियमों के तहत कार्रवाई कर पात्र लाभुकों को समय पर पेंशन उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सत्या ठाकुर, सहायक निदेशक (सामाजिक सुरक्षा) अनिल टूडू, सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, महिला पर्यवेक्षिकाएँ एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Share This Article