आदित्यपुर नगर निगम में सफाई कर्मियों का विरोध प्रदर्शन, मजदूरों ने अरविंद सिंह पर लगाए गंभीर आरोप

मजदूरों ने की सुविधाओं की मांग
आदित्यपुर, 11 अगस्त : आदित्यपुर नगर निगम कार्यालय में आज सफाई कर्मियों ने न्यूनतम मजदूरी दर और अन्य बुनियादी सुविधाओं को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। नाराज सफाई कर्मियों ने काम करने से साफ इनकार करते हुए आरोप लगाया कि संवेदक अरविंद सिंह उन्हें प्रतिदिन मात्र ₹350 की दर से मजदूरी दे रहे हैं, जो न केवल अपर्याप्त है, बल्कि सरकारी निर्धारित न्यूनतम मजदूरी मानकों के भी खिलाफ है।
सफाई कर्मियों ने यह भी कहा कि उन्हें अब तक पहचान पत्र (आईडी कार्ड) उपलब्ध नहीं कराए गए हैं और वे भविष्य निधि (पीएफ) एवं राज्य बीमा (एसआई) जैसी महत्वपूर्ण सुविधाओं से वंचित हैं। उनका कहना है कि बिना इन बुनियादी अधिकारों के काम करना उनके लिए मुश्किल हो गया है।

प्रदर्शनकारियों की ओर से न्यूनतम मजदूरी दर का पालन, सभी सफाई कर्मियों को आईडी कार्ड उपलब्ध कराना, पीएफ और एसआई आदि सुविधा सुनिश्चित करना मुख्य मांगें शामिल हैं।
इस मामले पर संवेदक अरविंद सिंह ने कुछ भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया, जबकि नगर निगम आयुक्त रवि प्रकाश किसी कार्य से बाहर होने के कारण प्रतिक्रिया नहीं दे सके।
यह विरोध प्रदर्शन आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में सफाई कर्मियों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं और श्रमिक अधिकारों के प्रति उपेक्षा को उजागर करता है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने को मजबूर होंगे।



