दिशोम गुरु शिबू सोरेन को आदित्यपुर में दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

सरायकेला/ आदित्यपुर, 11 अगस्त : झारखंड के निर्माता, झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संरक्षक, पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद स्वर्गीय दिशोम गुरु शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि दी गई। सोमवार को आदित्यपुर स्थित ऑटो क्लस्टर में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता झामुमो सरायकेला-खरसावां जिला अध्यक्ष डॉ. शुभेंदु महतो ने की, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, स्थानीय नेता, सामाजिक कार्यकर्ता और पंचायत से जिला स्तर तक के पदाधिकारी शामिल हुए।
सभा की शुरुआत दो मिनट के मौन से हुई, जिसके बाद उपस्थित जनों ने दिशोम गुरु के योगदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया। जिलाध्यक्ष डॉ. शुभेंदु महतो ने कहा, “शिबू सोरेन झारखंड की आत्मा थे। नेमरा गांव से महाजनी प्रथा के खिलाफ संघर्ष शुरू करने के बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। उन्होंने आदिवासी, दलित, पिछड़े और शोषित समाज की आवाज को बुलंद करते हुए राज्य निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनका जाना पार्टी और राज्य के लिए अपूरणीय क्षति है।”

जिला सचिव बैधनाथ टुडू ने शिबू सोरेन के संघर्ष, विचारधारा और समाज सेवा की निष्ठा को स्मरण करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं को उनके आदर्शों पर चलते रहना चाहिए। सभा में सभी ने उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।
इस मौके पर झामुमो केंद्रीय सदस्य गणेश चौधरी, सरायकेला पूर्व प्रत्याशी गणेश माहली, गुरुचरण मुखी, बिशु हेम्ब्रम, संगठन सचिव अमृत महतो, जिला उपाध्यक्ष धर्मु गोप, शकुंतला माहली, भोला मोहंती, जिला प्रवक्ता नितेश वर्मा, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष भोगलू सोरेन, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सुशिला तांती, छात्र मोर्चा जिलाध्यक्ष सुदामा हेम्ब्रम, अल्पसंख्यक जिलाध्यक्ष जन्नत हुसैन, क्रीड़ा मोर्चा जिलाध्यक्ष निरंजन महतो समेत विभिन्न मोर्चा व नगर इकाइयों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और सैकड़ों महिला-पुरुष उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने यह संकल्प दोहराया कि शिबू सोरेन के अधूरे सपनों को पूरा करने और झारखंड की अस्मिता की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष जारी रहेगा।



