करम महोत्सव 31 को राज्यपाल समेत बिहार के मंत्री होंगे शामिल

जमशेदपुर , 10 अगस्त : जमशेदपुर के गोपाल मैदान में आयोजित होने वाले वार्षिक करम महोत्सव की तैयारियों को लेकर कुड़मी सेना की बैठक रविवार को सोनारी सीपी क्लब में हुई। कुड़मी सेना के केंद्रीय अध्यक्ष शैलेंद्र महतो की अध्यक्षता में हुई बैठक में विगत वर्ष आयोजित करम महोत्सव की समीक्षा तथा इसके आयोजन को लेकर विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर शैलेंद्र महतो ने बताया कि इस वर्ष 31 अगस्त को करम महोत्सव बिष्टुपुर गोपाल मैदान में धूमधाम से मनाया जाएगा। महोत्सव में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री सह झारखंड जदयू के प्रभारी श्रवण कुमार शामिल होंगे। बैठक में झारखंड आंदोलनकारी उमानाथ झा, संगठन के प्रदेश अध्यक्ष विशाल महतो, हाराधन प्रमाणिक, गणेश गोप, प्रवीर महतो, सूरज महतो, विष्णुदेव महतो, अजय महतो, प्रेम महतो, विजय महतो, विकास महतो, नीलांबर महतो, कार्तिक महतो, देव महतो, प्रशांत महतो सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।
कई लोगों को मिलेगा कुड़मी रत्न : अरविंद
इस अवसर पर संगठन के महासचिव सह सर्वोच्च न्यायालय के अधिवक्ता अरविंद कुमार महतो ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ करम पूजा से होगा, इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। यह आयोजन अपराह्न 3 बजे से रात्रि 10 बजे तक चलेगा। महोत्सव के दौरान झारखंड, बिहार, बंगाल एवं ओडिशा राज्यों के सांसदों एवं विधायकों को ”कुड़मी रत्न” प्रदान किया जाएगा। इसके चयन हेतु पांच सदस्यीय पैनल का गठन किया गया है। उल्लेखनीय है कि विगत वर्ष कला, पुलिस व प्रशासनिक सेवा, विधि एवं खेल आदि के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करनेवालों को कुड़मी रत्न देकर सम्मानित किया गया था।



