गम्हरिया की कंपनी से पीतल बुश चोरी, तीन आरोपी गिरफ्तार, सामान बरामद

सरायकेला/आदित्यपुर, 08 अगस्त 2025 : क्रॉस लिमिट यूनिट-04, एम-2 फेज-4 कंपनी, गम्हरिया में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। कंपनी से 200 पीस छोटा साइज और 100 पीस बड़ा साइज पीतल बुश चोरी हुआ था, जिसकी कुल अनुमानित कीमत करीब 59 हजार रुपये है। इस संबंध में आदित्यपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आदित्यपुर पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी बिनोद तिर्की के नेतृत्व में एक छापामारी दल का गठन किया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चोरी के आरोप में निरंजन कुमार, सुशील महतो उर्फ झंटू और सफीक पालोयान को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, निरंजन कुमार और सुशील महतो उर्फ झंटू ने स्वीकार किया कि उन्होंने कंपनी से पीतल बुश चोरी कर सफीक पालोयान को बेच दिया था। पुलिस ने चोरी गया पूरा सामान भी बरामद कर लिया है।
छापेमारी दल में थाना प्रभारी बिनोद तिर्की के साथ आलम चांद महतो, सुधांशु कुमार, रामरेखा पासवान, दिलेश्वर उरांव, नीतीश कुमार पाण्डेय, राघवेंद्र कुमार सिंह, सोवन हांसदा समेत पुलिस बल के जवान शामिल थे।



