सरायकेला में पंचायत उन्नति सूचकांक पर जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित, PAI-1.0 पुस्तिका का विमोचन

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

सरायकेला में पंचायत उन्नति सूचकांक पर जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित, PAI-1.0 पुस्तिका का विमोचन

सरायकेला, 08 अगस्त 2025 : नगर भवन, सरायकेला में शुक्रवार को पंचायत उन्नति सूचकांक (पंचायत एडवांसमेंट इंडेक्स – PAI) पर जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। यह कार्यक्रम जिला पंचायती राज कार्यालय के तत्वावधान में टाउन हॉल सभागार में संपन्न हुआ। कार्यशाला का उद्देश्य ग्राम पंचायतों में प्रदर्शन-आधारित शासन को बढ़ावा देना और उन्हें सतत विकास लक्ष्यों (SDGs) के अनुरूप सशक्त बनाना था।

कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने कहा कि पंचायत उन्नति सूचकांक देशभर की 2.5 लाख से अधिक ग्राम पंचायतों की प्रगति मापने के लिए एक महत्वपूर्ण और परिवर्तनकारी उपकरण है। यह सूचकांक गरीबी उन्मूलन, आजीविका संवर्धन, स्वास्थ्य, बाल कल्याण, जल उपलब्धता, स्वच्छता, हरित पहल, आत्मनिर्भर बुनियादी ढांचा, सामाजिक न्याय, सुशासन और महिला सशक्तिकरण जैसे नौ प्रमुख विषयों पर पंचायतों का मूल्यांकन करता है। उन्होंने पंचायतों के समग्र विकास के लिए सभी के सहयोग पर जोर दिया और स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल व सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की आवश्यकता बताई।

उप विकास आयुक्त रीना हांसदा ने कहा कि PAI पंचायतों के लिए एक मार्गदर्शक के रूप में कार्य करेगा। इसके माध्यम से पंचायतें अपनी उपलब्धियों और चुनौतियों को पहचानकर योजनाओं में सुधार कर सकती हैं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से अपील की कि सूचकांक के सभी मानकों को कार्ययोजना में शामिल कर धरातल पर लागू करें और समय पर संबंधित डेटा पोर्टल पर अपडेट करें।

प्रभारी परियोजना प्रबंधक एवं राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर आदित्य रंजन, रंजीत अचार्य और सरस्वती टुडू ने सूचकांक के मापदंडों व मूल्यांकन प्रक्रिया पर विस्तृत जानकारी दी और पंचायतों के प्रदर्शन सुधार के लिए सुझाव साझा किए।

कार्यक्रम के अंत में PAI-1.0 पुस्तिका का विमोचन किया गया और हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत हुई। मौके पर निदेशक डीआरडीए डॉ. अजय तिर्की, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, चांडिल के एसडीओ विकास कुमार राय, जिला पंचायती राज पदाधिकारी सुरेंद्र उरांव समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

Share This Article