उग्रवादियों की हिटलिस्ट में सुदेश महतो! आजसू पार्टी ने उठाई सुरक्षा समीक्षा और उच्चस्तरीय जांच की मांग

रांची, 07 अगस्त : आजसू पार्टी ने पार्टी प्रमुख और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो को उग्रवादियों द्वारा निशाने पर लिए जाने की खबर को लेकर गहरी चिंता जताई है। पार्टी ने राज्य सरकार से इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और सुदेश महतो की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने की मांग की है।
पार्टी के केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर और हसन अंसारी ने गुरुवार को प्रेस वार्ता कर कहा कि यह बेहद गंभीर विषय है कि बार-बार सुदेश महतो की हत्या की साजिश की जानकारी सामने आ रही है, फिर भी अब तक इसके पीछे की वजहों और साजिशकर्ताओं का पर्दाफाश नहीं हो सका है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार इस मामले को लेकर गंभीर नहीं है।
बताया कि हाल ही में गुमला जिले के कामडारा थाना क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ में मारे गए पीएलएफआई उग्रवादी मार्टिन केरकेट्टा ने भी अपनी हिटलिस्ट में सुदेश महतो का नाम शामिल किया था। पुलिस के अनुसार, उसने 2023 में अनगड़ा क्षेत्र में सुदेश महतो की हत्या की योजना बनाई थी।
पार्टी नेताओं ने यह भी कहा कि पहले भी किसी राजनेता द्वारा उग्रवादियों को सुदेश महतो की हत्या के लिए ₹5 करोड़ की सुपारी देने की बात सामने आ चुकी है। आजसू पार्टी ने यह जानना चाहा है कि आखिर सुदेश महतो ही बार-बार उग्रवादियों के निशाने पर क्यों आते हैं और इसके पीछे कौन लोग सक्रिय हैं?
नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि पार्टी के अन्य नेताओं की सुरक्षा में भी कटौती की गई है। पूर्व मंत्री एवं पार्टी के प्रधान महासचिव रामचंद्र सहिस की सुरक्षा वापस ले ली गई है, जिसे तत्काल बहाल किए जाने की मांग की गई है।
पार्टी का कहना है कि वह शीघ्र ही इस मामले में राज्य के मुख्य सचिव, गृह सचिव और डीजीपी से मिलकर ज्ञापन सौंपेगी और इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच सुनिश्चित करने की मांग करेगी।



