कोल्हान में पूर्व सैनिकों के कल्याण को लेकर जिला उपायुक्त की अध्यक्षता में पहली बैठक सम्पन्न, कई अहम प्रस्ताव रखे गए

जमशेदपुर, 06 अगस्त : कोल्हान क्षेत्र में रह रहे पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके आश्रितों के कल्याण को लेकर आज एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक जमशेदपुर स्थित समाहरणालय सभागार में आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता जिला उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने की। बैठक का आयोजन कोल्हान के सैनिक कल्याण पदाधिकारी कर्नल किशोर सिंह की पहल पर किया गया।
बैठक में जिला प्रशासन के वरीय पदाधिकारियों सहित एमजीएम अस्पताल के अधीक्षक डॉ. नकुल चौधरी, डीडीसी भगीरथ प्रसाद, सीसीआरडीएसपी मनोज ठाकुर और शिक्षा विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे। इस बैठक में कोल्हान क्षेत्र के पूर्व सैनिकों, उनके परिवारों और विधवाओं से जुड़ी समस्याओं और आवश्यकताओं पर विस्तृत चर्चा हुई।
प्रमुख प्रस्ताव और सुझाव
बैठक में कर्नल किशोर सिंह द्वारा सैनिक एकीकृत भवन निर्माण हेतु भूमि आवंटन, जिसमें जिला सैनिक बोर्ड, सैनिक कैन्टीन और सैनिक विश्रामगृह की सुविधा शामिल हो ताकि दूर-दराज से आने वाले पूर्व सैनिकों को सुविधा मिल सके। राष्ट्रीय पर्वों पर पूर्व सैनिकों के लिए विशेष गैलरी एवं वीरता पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित करने की स्थायी व्यवस्था। पूर्व सैनिकों को प्रज्ञा केंद्र, दूध केंद्र जैसी दुकानों के आवंटन में प्राथमिकता। प्रखंड स्तर पर पूर्व सैनिकों से जुड़े कार्यों में प्राथमिकता और सहज प्रक्रिया सुनिश्चित करने का आग्रह। जिला सैनिक बोर्ड में स्टाफ की भारी कमी को दूर करने। सिविल डिफेंस में पूर्व सैनिकों को शामिल करने का प्रस्ताव। पुलिस लाइन में वॉर मेमोरियल पर वीर स्तंभ की स्थापना का सुझाव जैसे प्रमुख प्रस्ताव जिला उपायुक्त के समक्ष रखे गए।।
इसके अलावा पूर्व सैनिकों के पार्थिव शरीर को अस्पताल से घर और घर से श्मशान तक निःशुल्क पहुंचाने की व्यवस्था कराने की मांग की गई, जिसपर उपायुक्त ने इस पर एक वर्ष के संभावित खर्च का आकलन कर उसे सीएसआर फंड से कराने का आश्वासन दिया।
बैठक में मांग की गई कि सेना से सेवानिवृत्त होने वाले सैनिकों के बच्चों के लिए शिक्षण संस्थानों में कोटा निर्धारण। पुलिस थानों में सेना से जुड़े लोगों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करना एवं उनकी शिकायतों का उचित निष्पादन। डोमिसाइल प्रमाण पत्र की प्रक्रिया में पूर्व सैनिकों के बच्चों के लिए विशेष मापदंड लागू करने का आग्रह किया गया।उपायुक्त ने इस विषय को रक्षा मंत्रालय के माध्यम से हल कराने की बात कही।
बैठक में ब्रिगेडियर प्रदीप कुमार झा, ब्रिगेडियर सी.एस. वैद्यनाथन (सेवानिवृत्त), एडम ऑफिसर सुशील कुमार सिंह, राजीव रंजन, बी.बी. बंसल, मनोज सिंह, के. जयसवाल, प्रभात कुमार समेत कई पूर्व सैनिक और अधिकारी शामिल रहे।
जिला उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने सभी प्रस्तावों को गंभीरता से सुना और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों की सेवा का देश ऋणी है, और उनके कल्याण के लिए जिला प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा।



