झारखंड पुलिस की बड़ी सफलता : संयुक्त सर्च ऑपरेशन में 44.5 किलोग्राम विस्फोटक बरामद, बम निरोधक दस्ते ने किया नष्ट

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

झारखंड पुलिस की बड़ी सफलता : संयुक्त सर्च ऑपरेशन में 44.5 किलोग्राम विस्फोटक बरामद, बम निरोधक दस्ते ने किया नष्ट

सरायकेला-खरसावां और चाईबासा जिले की सीमा पर चला संयुक्त अभियान

सरायकेला, 06 अगस्त: सरायकेला-खरसावां पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन के नक्सलियों द्वारा वर्षों पहले पहाड़ी इलाकों में छुपाकर रखे गए भारी मात्रा में विस्फोटकों को संयुक्त सुरक्षा बलों ने बरामद कर नष्ट कर दिया है। यह कार्रवाई सरायकेला-खरसावां और चाईबासा जिले की सीमा पर स्थित कुचाई थाना क्षेत्र के दलभंगा ओपी अंतर्गत जंगल व पहाड़ी क्षेत्रों में चलाए गए एक विशेष सर्च ऑपरेशन के तहत की गई।

पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर सरायकेला-खरसावां पुलिस, चाईबासा पुलिस, झारखंड जगुआर, सीआरपीएफ और एसएसबी के जवानों ने मिलकर 6 अगस्त को यह ऑपरेशन चलाया। सर्च अभियान के दौरान संयुक्त बलों को नीले रंग के प्लास्टिक कंटेनरों में छिपाकर रखे गए कुल 44.5 किलोग्राम आईईडी (इंप्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) बरामद हुए, जिसमें शामिल हैं केन IED-15 (1.5 किलोग्राम प्रत्येक) = 22.5 किलोग्राम।केन IED-15 (1.0 किलोग्राम प्रत्येक) = 15 किलोग्राम। केन IED-14 (500 ग्राम प्रत्येक) = 7 किलोग्राम।

इन विस्फोटकों को नक्सलियों द्वारा सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के उद्देश्य से वर्षों पहले छुपाकर रखा गया था। बरामद आईईडी को मौके पर ही बम निरोधक दस्ते की मदद से सुरक्षित रूप से नष्ट किया गया। पुलिस ने मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस संयुक्त अभियान में पांच सुरक्षा इकाइयों की भूमिका अहम रही, जिसमें सरायकेला-खरसावां पुलिस, चाईबासा पुलिस, झारखंड जगुआर, सीआरपीएफ व एसएसबी शामिल था।

इस सफलता को सुरक्षा बलों की सतर्कता और प्रभावी समन्वय का परिणाम माना जा रहा है, जिससे नक्सली मंसूबों को करारा झटका लगा है। प्रशासन ने भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रखने का संकेत दिया है।

Share This Article