कांग्रेस महासचिव अरशद खान ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन को दी श्रद्धांजलि, सरकार से की कई अहम मांगें

मानभूम अपडेट्स ,5 अगस्त ,सरायकेला : कांग्रेस पार्टी के कपाली नगर महासचिव अरशद खान ने झारखंड आंदोलन के पुरोधा, पूर्व मुख्यमंत्री एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन न केवल झारखंड के आदिवासी समाज के बल्कि अल्पसंख्यक समुदाय के भी सच्चे हितैषी रहे हैं।
अरशद खान ने कहा कि दिशोम गुरु ने झारखंड आंदोलन का नेतृत्व कर राज्य के लोगों की वर्षों पुरानी मांग को साकार किया। उनके संघर्ष और समर्पण के कारण ही आज झारखंड एक स्वतंत्र राज्य के रूप में स्थापित है।
उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि शिबू सोरेन को मरणोपरांत भारत रत्न जैसे सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किया जाना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियों को भी उनके योगदान की जानकारी मिल सके।
साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आग्रह किया कि दिशोम गुरु के नाम पर राज्य में जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई जाएं, जिससे उनके आदर्शों और विचारों को जीवित रखा जा सके।
अरशद खान ने कहा कि शिबू सोरेन का जाना झारखंड के लिए एक अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई करना असंभव है।


