कुजू में अवैध बालू कारोबार पर खनन विभाग की सख्त कार्रवाई, 3 ट्रैक्टर व 15 हजार घनफीट बालू जब्त

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

कुजू में अवैध बालू कारोबार पर खनन विभाग की सख्त कार्रवाई, 3 ट्रैक्टर व 15 हजार घनफीट बालू जब्त

सरायकेला, 18 दिसंबर : सरायकेला–खरसावाँ जिले में अवैध बालू उत्खनन, भंडारण एवं परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर बुधवार को राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुजू में संयुक्त औचक निरीक्षण एवं छापेमारी अभियान चलाया गया।

इस अभियान का नेतृत्व जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सथपति ने किया। कार्रवाई में जिला खनन विभाग, पुलिस निरीक्षक (सरायकेला), राजनगर थाना प्रभारी एवं सशस्त्र पुलिस बल के जवान शामिल थे। छापेमारी के दौरान बालू खनिज का अवैध रूप से परिवहन करते हुए तीन ट्रैक्टर वाहनों को मौके से जब्त किया गया, जिन्हें विधिवत राजनगर थाना को सुपुर्द कर दिया गया।

इसके साथ ही कार्रवाई के दौरान स्थल से लगभग 15,000 घनफीट अवैध रूप से भंडारित बालू भी जब्त किया गया। प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से अवैध बालू कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया।

प्रशासन की ओर से बताया गया कि इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत राजनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

प्रशासन ने यह भी दोहराया कि अवैध बालू उत्खनन से पर्यावरण को होने वाले नुकसान को देखते हुए इस तरह के औचक निरीक्षण एवं छापेमारी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।

Share This Article