मतदान केंद्रों के रेशनलाइजेशन एवं भवन परिवर्तन को लेकर डीसी ने की राजनीतिक दलों के साथ बैठक

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

मतदान केंद्रों के रेशनलाइजेशन एवं भवन परिवर्तन को लेकर डीसी ने की राजनीतिक दलों के साथ बैठक

सरायकेला,3 दिसंबर : समाहरणालय सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी–सह–उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में विधानसभा क्षेत्रों 50–ईचागढ़, 51–सरायकेला (अ.ज.जा.) और 57–खरसावाँ (अ.ज.जा.) के मतदान केंद्रों के रेशनलाइजेशन एवं भवन परिवर्तन को लेकर पंजीकृत राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित हुई। बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी, सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी तथा विभिन्न दलों के सदस्य उपस्थित रहे।

निर्वाचन आयोग के दिशा–निर्देशों के अनुरूप बताया गया कि किसी भी मतदान केंद्र में मतदाताओं की संख्या 1100 से 1200 के बीच रखी जाएगी। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में एक भवन में अधिकतम दो तथा शहरी क्षेत्रों में अधिकतम चार मतदान केंद्र संचालित करने पर सहमति बनी, ताकि मतदान प्रक्रिया अधिक सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित हो सके।

बैठक में अद्यतन आंकड़ों के अनुसार जिले में कुल 79 नए मतदान केंद्रों के गठन तथा 59 केंद्रों के भवन परिवर्तन का प्रस्ताव रखा गया। ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में प्रस्तावित मतदान केंद्रों की संख्या 366, सरायकेला (अ.ज.जा.) में 466 और खरसावाँ (अ.ज.जा.) क्षेत्र में 300 की गई है। जिले में कुल मतदान केंद्रों की संख्या 1053 से बढ़ाकर 1132 तथा भवनों की संख्या 765 से बढ़ाकर 824 करने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया।

बैठक के दौरान मतदान केंद्रों के आरक्षण एवं अन्य तकनीकी बिंदुओं पर राजनीतिक दलों के सुझाव भी दर्ज किए गए, जिन्हें निर्वाचन आयोग को संस्तुति हेतु भेजा जाएगा।

अंत में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि रेशनलाइजेशन का उद्देश्य मतदाताओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना तथा आगामी चुनावों की तैयारी को अधिक पारदर्शी और कुशल बनाना है।

Share This Article