प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शिबू सोरेन के निधन पर जताया गहरा शोक, कहा- जमीनी नेता थे ‘दिशोम गुरु’

डेस्क ,मानभूम अपडेट्स, 4 अगस्त : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के संस्थापक शिबू सोरेन के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से शोक-संदेश साझा करते हुए ‘दिशोम गुरु’ को जनसेवा और जनसरोकारों का प्रतीक बताया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “शिबू सोरेन जी एक जमीनी नेता थे, जिन्होंने जनजीवन के विभिन्न स्तरों से होकर राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई। वे आदिवासी समुदायों, गरीबों और वंचितों को सशक्त बनाने के प्रति बेहद समर्पित थे। उनके निधन से गहरी पीड़ा हुई है।”
प्रधानमंत्री ने यह भी जानकारी दी कि उन्होंने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से बात कर संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा, “मेरी संवेदनाएं उनके परिवारजनों और चाहने वालों के साथ हैं। ओम् शांति।”
प्रधानमंत्री का यह शोक संदेश बताता है कि शिबू सोरेन केवल झारखंड के नेता नहीं, बल्कि पूरे देश के एक सम्मानित जननेता थे, जिनकी सामाजिक और राजनीतिक यात्रा लाखों लोगों के लिए प्रेरणा रही है।
झारखंड में शिबू सोरेन को ‘दिशोम गुरु’ के नाम से जाना जाता है। उन्होंने आदिवासियों के अधिकारों और सम्मान के लिए लंबा संघर्ष किया और झारखंड राज्य के गठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
राज्य में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया है। इस दौरान सभी सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे और कोई राजकीय समारोह आयोजित नहीं किया जाएगा।


