स्टार पार्किंग के पास टेलर की चपेट में आए दो युवक, एक गंभीर रूप से घायल

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

स्टार पार्किंग के पास टेलर की चपेट में आए दो युवक, एक गंभीर रूप से घायल

चांडिल, 1 अगस्त : शुक्रवार संध्या लगभग 7:30 बजे चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत रामगढ़ NH-33 ओवरब्रिज के समीप स्थित स्टार पार्किंग के प्रवेश द्वार पर एक टेलर ने मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दुर्घटना में चांडिल के कुम्हार पाड़ा निवासी तारन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसका साथी सौभाग्यवश सुरक्षित रहा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों युवक अपनी मोटरसाइकिल से पटमदा से चिलगु अपने अस्थायी घर जा रहे थे, तभी एक भारी वाहन (टेलर) ने उन्हें टक्कर मार दी। इस टक्कर में तारन कुमार के हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं।

घटना की सूचना मिलते ही आसानबनी पंचायत के उपमुखिया प्रदीप कुमार महतो एवं सामाजिक कार्यकर्ता रविन्द्र नाथ सिंह तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने चांडिल पुलिस को दुर्घटना की जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को एंबुलेंस से तत्काल जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है। स्थानीय लोगों ने इस क्षेत्र में वाहनों की तेज रफ्तार और अव्यवस्थित यातायात को लेकर चिंता व्यक्त की है और प्रशासन से उचित प्रबंधन की मांग की है। बता दें कि टाटा-रांची नेशनल हाईवे मार्ग के किनारे भारी वाहनों को बेतरतीब ढंग से खड़ा कर दिया जाता है। रात के समय यह और भी खतरनाक हो जाता है। रात के समय पाटा टोल प्लाजा सहित प्रमुख स्थानों पर भारी वाहनों को रोड़ पर ही खड़ा कर दिया जाता है, जो बड़ी दुर्घटना को आमंत्रण देता है।

Share This Article