स्वर्णरेखा नदी किनारे मिली युवती की लाश से फैली सनसनी, हत्या या आत्महत्या – पुलिस जांच में जुटी

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

स्वर्णरेखा नदी किनारे मिली युवती की लाश से फैली सनसनी, हत्या या आत्महत्या – पुलिस जांच में जुटी

जमशेदपुर/जादूगोड़ा, 1 अगस्त : जादूगोड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम दुड़कू के पास स्वर्णरेखा नदी से शुक्रवार को एक अज्ञात युवती का शव बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव की सूचना मिलते ही जादूगोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार युवती की उम्र लगभग 20 से 25 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। उसकी पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो पाई थी। शव को देखने से प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, जिससे यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह आत्महत्या है या हत्या।

घटना की खबर जंगल में आग की तरह फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। स्थानीय लोग घटना को लेकर तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं। कई ग्रामीणों ने आशंका जताई कि युवती की हत्या कर शव को नदी में फेंका गया होगा, ताकि पहचान छिपाई जा सके।

घटना की गंभीरता को देखते हुए जादूगोड़ा पुलिस ने जांच दल का गठन कर दिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेजा गया है, जिससे मौत के असली कारणों का पता लगाया जा सके।

जादूगोड़ा पुलिस ने बताया कि “मामला अभी संदिग्ध है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो पाएगी। फिलहाल आसपास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट की जांच की जा रही है।”

शव की पहचान नहीं होने से पुलिस के सामने चुनौती खड़ी हो गई है। युवती की तस्वीर को रिकॉर्ड में लेकर आसपास के इलाकों, थानों एवं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से पहचान सुनिश्चित करने की कोशिश की जा रही है।

इस घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से इलाके में गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की है।

यदि किसी को इस युवती के बारे में कोई जानकारी हो तो कृपया जादूगोड़ा थाना से संपर्क करें।

Share This Article