बड़ी खबर – खूंटी में बड़ी वारदात की साजिश नाकाम, हथियार के साथ एक अपराधी गिरफ्तार

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

बड़ी खबर – खूंटी में बड़ी वारदात की साजिश नाकाम, हथियार के साथ एक अपराधी गिरफ्तार

 

खूंटी, 01 अगस्त : खूंटी पुलिस ने समय रहते बड़ी आपराधिक साजिश को नाकाम कर दिया। पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध हथियार और गोलियों के साथ गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान महावीर मुंडा (उम्र 20 वर्ष), पिता एतवा मुंडा, ग्राम-मान्हु, थाना- खूंटी, जिला- खूंटी के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 01 अगस्त को लगभग 11:00 बजे पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली कि ग्राम चिरुहातु में एक युवक अवैध हथियार के साथ किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी मोहन कुमार के नेतृत्व में एक छापामारी दल गठित किया गया और दल ने सुबह 11:35 बजे थाना से रवाना होकर चिरुहातु- खूंटी-कर्रा मुख्य मार्ग पर पहुंचकर घेराबंदी की।

पुलिस वाहन को देखकर एक युवक संदिग्ध रूप से भागने की कोशिश करने लगा, जिसे सतर्कता के साथ मौके पर ही पकड़ लिया गया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम महावीर मुंडा बताया। उसकी तलाशी लेने पर एक पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा और Vivo कंपनी का एक स्क्रीन टच मोबाइल बरामद किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा था। इस मामले में खूंटी थाना में आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)a/26/35 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

छापामारी दल में मोहन कुमार, थाना प्रभारी खूंटी, , अरुण कुमार, पु.अ.नि. मणीदीप, सुबोध तिर्की सहित रिजर्व गार्ड एवं जैप सशस्त्र बल शामिल थे।

पुलिस के अनुसार, आगे की पूछताछ जारी है और इस मामले में अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भी जांच की जा रही है। पुलिस की तत्परता से क्षेत्र में एक संभावित खतरे को टाल दिया गया है, जिससे आमजन में राहत की भावना देखी जा रही है।

Share This Article