जनता दरबार में उठी ज़मीनी समस्याएं, उपायुक्त ने दिए त्वरित समाधान के निर्देश

सरायकेला, 01 अगस्त : जिले की जनता की समस्याएं अब सीधे जिला प्रशासन के संज्ञान में लाई जा रही हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को समाहरणालय परिसर स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुए इस दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों व अंचलों से आए नागरिकों ने व्यक्तिगत एवं सामुदायिक समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
जनता दरबार के दौरान उपायुक्त ने प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से सुना और समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी व कानूनसम्मत समाधान के लिए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित किया कि किसी भी समस्या को नजरअंदाज न किया जाए और प्राथमिकता के आधार पर उसका निपटारा हो।
जनता दरबार में प्रमुख रूप से ज़मीन विवाद से संबंधित मामलों के समाधान की मांग। मुख्यमंत्री मईयां सम्मान योजना के तहत पिछले तीन माह से लाभ नहीं मिलने की शिकायत। आदित्यपुर सालडीह बस्ती से निकलने वाला नाली का पानी ESIC अस्पताल परिसर में बहने और मुख्य द्वार पर जलजमाव की समस्या। स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) के अवसर पर झारखंड आंदोलनकारियों के बीच प्रमाण-पत्र वितरण कराने का आग्रह। आदित्यपुर आशियाना मोड़ से ESIC अस्पताल तक सड़क और नाले के निर्माण की आवश्यकता। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा (NFS) योजना के तहत 11 माह से लंबित कमीशन राशि के भुगतान की मांग। सभी राशन डीलरों को ₹15 लाख तक का स्वास्थ्य बीमा लाभ देने की मांग आदि मुद्दे उठाए गए।
उपायुक्त ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का समाधान जल्द से जल्द किया जाए ताकि जनता का विश्वास प्रशासनिक तंत्र में बना रहे। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन आम लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता से ले रहा है और प्रत्येक शुक्रवार को आयोजित जनता दरबार इसका प्रमाण है।



