टाटा-पटमदा मार्ग पर सड़क हादसा : बाइक की टक्कर से दो युवक घायल, एक एमजीएम अस्पताल रेफर

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

टाटा-पटमदा मार्ग पर सड़क हादसा : बाइक की टक्कर से दो युवक घायल, एक एमजीएम अस्पताल रेफर

जमशेदपुर/पटमदा, 31 जुलाई : टाटा-पटमदा मुख्य सड़क पर गुरुवार रात्रि करीब साढ़े आठ बजे एक भीषण सड़क हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा लावा रामकृष्ण मंदिर के समीप हुआ, जहां लावा गांव निवासी विकास दास सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार व अनियंत्रित बाइक चला रहे लेकड़ो निवासी विभूति हांसदा ने उन्हें टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पटमदा थाना प्रभारी करमपाल भगत व जिला परिषद सदस्य प्रदीप बेसरा मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को माचा स्थित सीएचसी अस्पताल पहुंचाया गया।

सीएचसी में प्राथमिक उपचार के दौरान पाया गया कि विभूति हांसदा के चेहरे और सिर पर गहरी चोटें आई हैं। डॉक्टरों ने स्थिति को गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया।

यह हादसा क्षेत्र में तेज रफ्तार व लापरवाह बाइक चलाने की गंभीर समस्या को उजागर करता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की है।

Share This Article