एमएमडीआर और एनटीपीसी को लेकर रोशन लाल चौधरी का बड़ा बयान बोले- केंद्र का फैसला देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए, राज्य सरकार भी सकारात्मक सोच के साथ बढ़ाए विकास योजनाएं
जमशेदपुर, 21 अगस्त : बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी ने जमशेदपुर दौरे के दौरान एमएमडीआर और एनटीपीसी से जुड़े मुद्दों पर केंद्र सरकार के फैसलों का समर्थन करते हुए इसे देश के विकास और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार देश के दीर्घकालिक हितों को ध्यान में रखकर निर्णय ले रही है। ऐसे में राज्य सरकार को भी राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर सकारात्मक सोच के साथ विकास योजनाओं को आगे बढ़ाना चाहिए।
विधायक ने कहा कि खनिज संपदा और ऊर्जा क्षेत्र देश की अर्थव्यवस्था तथा विकास की आधारशिला हैं। झारखंड जैसे खनिज संपदा से समृद्ध राज्य में प्राकृतिक संसाधनों का उपयोग रोजगार, आधारभूत संरचना और आर्थिक विकास को गति देने के लिए किया जाना चाहिए। विकास योजनाओं को राजनीतिक नजरिये से देखने के बजाय राज्य और देश के दीर्घकालिक हितों को ध्यान में रखना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि एनटीपीसी जैसी बड़ी ऊर्जा परियोजनाएं देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। खनन और ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े केंद्र सरकार के निर्णयों का राज्य सरकार को सकारात्मक तरीके से मूल्यांकन करना चाहिए तथा राज्यहित से जुड़े मामलों में सहयोग की भावना के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
रोशन लाल चौधरी ने कहा कि विकास परियोजनाओं से प्रभावित लोगों के हितों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए। विस्थापित परिवारों के लिए उचित पुनर्वास, मुआवजा और रोजगार की व्यवस्था सुनिश्चित करना जरूरी है। उन्होंने बताया कि हाल में विधानसभा में भी सौंदा डी पंचायत के पुनर्वास का मुद्दा उठाते हुए विस्थापन से पहले प्रभावित लोगों के लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने की मांग की थी।
उन्होंने कहा कि झारखंड में प्राकृतिक संसाधनों की प्रचुरता है। जरूरत है कि इन संसाधनों का उपयोग स्थानीय लोगों के हित, रोजगार सृजन और राज्य की आर्थिक मजबूती को ध्यान में रखकर किया जाए। केंद्र और राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय से झारखंड को औद्योगिक विकास और रोजगार के क्षेत्र में नई दिशा मिल सकती है।




