पातकुम सीएचसी में जिला परिषद उपाध्यक्ष का औचक निरीक्षण, मरीजों से जाना स्वास्थ्य सुविधाओं का हाल

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

पातकुम सीएचसी में जिला परिषद उपाध्यक्ष का औचक निरीक्षण, मरीजों से जाना स्वास्थ्य सुविधाओं का हाल

ईचागढ़, 21 अगस्त : वर्षा ऋतु में सीजनल फीवर के बढ़ते मामलों के बीच जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने ईचागढ़ प्रखंड के पातकुम स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया।

जिला परिषद उपाध्यक्ष ने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. हरेंद्र सिंह मुंडा से अस्पताल में मरीजों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, आवश्यक दवाओं की स्थिति तथा चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने विशेष रूप से बरसात के मौसम में बढ़ने वाले मौसमी बुखार के मामलों को देखते हुए मरीजों को समय पर बेहतर उपचार और आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान अस्पताल में ईचागढ़ एवं कुकड़ू प्रखंड क्षेत्र के कई मरीज इलाज के लिए भर्ती पाए गए। मधुश्री महतो ने मरीजों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं और अस्पताल प्रबंधन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने सभी मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होकर घर लौटने की कामना की।

उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को मरीजों के प्रति संवेदनशील रहते हुए बेहतर स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

इस अवसर पर मधुश्री महतो ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की जनता को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि लोगों को इलाज के लिए दूर-दराज के अस्पतालों का रुख न करना पड़े।

Share This Article