कांग्रेस भवन में मंत्रियों व विधायकों की महत्वपूर्ण बैठक, मानसून सत्र को लेकर हुई व्यापक चर्चा

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

कांग्रेस भवन में मंत्रियों व विधायकों की महत्वपूर्ण बैठक, मानसून सत्र को लेकर हुई व्यापक चर्चा

रांची, 31 जुलाई : कांग्रेस भवन, रांची में आज झारखंड कांग्रेस पार्टी के मंत्रियों और विधायकों की एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी 1 अगस्त 2025 से प्रारंभ होने वाले झारखंड विधानसभा के मानसून बजट सत्र को लेकर रणनीति और विचार-विमर्श करना था।

बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं झारखंड के सह-प्रभारी डॉ० सिरिवेल्ला प्रसाद और झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश विशेष रूप से उपस्थित रहे। इन दोनों वरिष्ठ नेताओं ने सत्र के दौरान अपनी भूमिका, जनहित के मुद्दों की प्रभावी प्रस्तुति और संगठनात्मक मजबूती पर जोर दिया।

इस मौके पर कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव, उपनेता राजेश कच्छप, वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की सहित कई विधायकों ने भाग लिया। उपस्थित विधायकों में सोनाराम सिंकु (जगन्नाथपुर), भूषण बाड़ा (सिमडेगा), नमन विक्सल कोंगाड़ी (कोलावीरा), डॉ० रामेश्वर उरांव (लोहरदगा), रामचंद्र सिंह (मनिका), निशात आलम (पाकुड़), ममता देवी (रामगढ़), कुमार जयमंगल (बेरमो) और श्वेता सिंह (बोकारो) प्रमुख रूप से शामिल थे।

बैठक में मानसून सत्र के संभावित मुद्दों, बजट की प्राथमिकताओं, आमजन से जुड़े सवालों और विपक्ष की रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा हुई। सभी विधायकों से सत्र के दौरान एकजुटता दिखाने और सरकार की नीतियों को मजबूती से प्रस्तुत करने का आह्वान किया गया।

बैठक को सफल, संगठित और सकारात्मक माना गया, जो आने वाले सत्र में कांग्रेस की दिशा और रणनीति को स्पष्ट रूप से परिभाषित करती है।

Share This Article