जमशेदपुर : बाराद्वारी सड़क की बदहाल स्थिति पर विधायक पूर्णिमा दास साहू ने जताई नाराजगी, दिए सख्त निर्देश

तय समय में समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी
जमशेदपुर, 31 जुलाई : जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा दास साहू ने आज बाराद्वारी क्षेत्र का दौरा कर श्रेष्ठम से जानकी भवन तक सड़क की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने सड़क के बीचों-बीच लगाए गए अस्थायी बांस-बल्ली वाले डिवाइडर की खस्ताहाल स्थिति पर नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई।
विधायक ने बताया कि इस विषय को लेकर पूर्व में उपायुक्त, सीनियर एसपी, ट्रैफिक डीएसपी, जुस्को के जीएम और टाटा स्टील के पदाधिकारियों से बातचीत हो चुकी है। अधिकारियों ने मानसून समाप्त होने के बाद स्थायी रोड और डिवाइडर निर्माण का आश्वासन दिया था, लेकिन स्थिति सुधरने के बजाय और बिगड़ गई है। अब दोनों ओर खतरनाक गड्ढे बन चुके हैं, जिससे कभी भी कोई गंभीर हादसा हो सकता है।

विधायक पूर्णिमा दास साहू ने जुस्को रोड डिविजन के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कल से विधानसभा का मानसून सत्र आरंभ हो रहा है और उनके लौटने तक यह डिवाइडर बिष्टुपुर और सर्किट हाउस मार्ग की तर्ज पर सुंदर व स्थायी रूप में तैयार होना चाहिए। साथ ही सड़क किनारे के गड्ढों और टूटी नालियों की मरम्मत कार्य भी पूर्ण हो जानी चाहिए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तय समयसीमा के भीतर इन कार्यों को पूरा नहीं किया गया, तो वह स्वयं सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करेंगी।
रिपोर्ट: ManbhumUpdates.com



