झारखंड के अस्पतालों को नई सौगात, हर जिला अस्पताल को मिलेंगे चार नए एम्बुलेंस

विशेष प्रतिनिधि ,रांची, 29 जुलाई : झारखंड सरकार प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को नए सिरे से मजबूत और आधुनिक बनाने की दिशा में लगातार कदम बढ़ा रही है। इसी क्रम में राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने राजधानी रांची में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कई अहम घोषणाएं कीं, जो स्वास्थ्य सेवाओं के बुनियादी ढांचे को नई ऊंचाई देने वाली हैं।
डॉ. अंसारी ने बताया कि राज्य के सभी जिला अस्पतालों को शीघ्र ही चार-चार नए एम्बुलेंस दिए जाएंगे। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में मरीजों को अस्पताल तक लाने की सुविधा को आसान बनाने के लिए 15,000 स्ट्रेचर उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार चाहती है कि अब किसी मरीज को खाट या मचिया पर अस्पताल न लाना पड़े।
इस अवसर पर झारखंड के 744 स्वास्थ्य संस्थानों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित भी किया गया। कायाकल्प, एनक्वास, लक्ष्य और मुस्कान जैसे कार्यक्रमों के अंतर्गत बेहतर प्रदर्शन करने वाले अस्पतालों को मंच से सराहना मिली। खास तौर पर रांची सदर अस्पताल ने देश स्तर पर पहला स्थान प्राप्त कर झारखंड को गौरवान्वित किया, जिसके लिए उसे 50 लाख रुपये का पुरस्कार मिला। इसके अलावा, पर्यावरण के अनुकूल अस्पतालों की श्रेणी में भी रांची सदर को 10 लाख रुपये का अतिरिक्त पुरस्कार दिया गया। वहीं, ओरमांझी का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) इको-फ्रेंडली सीएचसी घोषित हुआ।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि राज्य में छह नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना हो रही है, जिनमें से एक जामताड़ा में खुलेगा। इसके अलावा, रिम्स-2 का निर्माण कार्य समय पर पूरा किया जाएगा और पहली बार झारखंड में रोबोटिक टेक्नोलॉजी के जरिए इलाज की सुविधा भी शुरू की जाएगी।
डॉ. अंसारी ने हाल ही में 126 विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति की जानकारी देते हुए कहा कि इससे मरीजों को बेहतर विशेषज्ञ सेवाएं मिलेंगी और स्वास्थ्य केंद्रों पर भार कम होगा।
इस कार्यक्रम में खिजरी विधायक राजेश कच्छप, राज्य के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर यह प्रयास बताता है कि राज्य सरकार अब सेवा के अंतिम पायदान तक सुविधा पहुँचाने के संकल्प के साथ काम कर रही है।



