गोपाल मैदान में होगा भव्य स्वतंत्रता दिवस समारोह, तैयारियों को लेकर प्रशासन गंभीर

जमशेदपुर, 29 जुलाई : पूर्वी सिंहभूम जिला में स्वतंत्रता दिवस 2025 का मुख्य समारोह इस वर्ष भी पूरे सम्मान और भव्यता के साथ मनाया जाएगा। इसे लेकर समाहरणालय सभागार में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी और वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने सभी विभागों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
15 अगस्त को गोपाल मैदान में होगा मुख्य समारोह
मुख्य कार्यक्रम 15 अगस्त को सुबह 9:05 बजे जमशेदपुर के गोपाल मैदान में ध्वजारोहण के साथ शुरू होगा। वहीं, इसकी पूर्व संध्या पर 14 अगस्त को सिद्धगोड़ा टाउन हॉल में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के छात्र-छात्राएं अपनी प्रस्तुति देंगे।
उत्कृष्ट कर्मियों और मेधावी छात्रों को मिलेगा सम्मान
समारोह के दिन जिले के उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों-कर्मियों एवं विभिन्न परीक्षाओं में टॉप करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। वहीं, जिला प्रशासन और प्रेस प्रतिनिधियों के बीच एक फ्रेंडली फुटबॉल मैच का भी आयोजन होगा।
स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को दी जाएगी श्रद्धांजलि
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि 14 अगस्त को अनुमंडल पदाधिकारी, धालभूम स्वतंत्रता सेनानियों व उनके परिजनों के घर जाकर उन्हें शॉल और मिष्ठान्न देकर सम्मानित करें। इसके अलावा, वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई और माल्यार्पण की जिम्मेदारी संबंधित पदाधिकारियों को सौंपी गई है।
परेड का अभ्यास 10 अगस्त से, फुल ड्रेस रिहर्सल 13 को
मुख्य समारोह की परेड की तैयारियां भी जोरों पर हैं। 10 अगस्त से परेड का पूर्वाभ्यास शुरू होगा, जो 13 अगस्त को फुल ड्रेस रिहर्सल के साथ समाप्त होगा। परेड में आरएएफ, डीएपी, जैप-6, होमगार्ड, एनसीसी, स्काउट-गाइड और सीआरपीएफ की टुकड़ियाँ भाग लेंगी।
मैदान की व्यवस्था और यातायात पर विशेष जोर
मुख्य समारोह स्थल गोपाल मैदान की साफ-सफाई और साज-सज्जा की जिम्मेदारी जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (J.N.A.C.) और जुस्को को दी गई है। सुगम यातायात व्यवस्था, अग्निशमन सेवा और एंबुलेंस की तैनाती के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है।
15 अगस्त को जिले में रहेगा ड्राई डे
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर 15 अगस्त को पूरे जिले में ड्राई डे घोषित किया गया है।
बैठक में उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, अपर उपायुक्त भगीरथ प्रसाद, एसडीओ धालभूम गौतम कुमार, नजारत उपसमाहर्ता डेविड बलिहार, डीएसपी ट्रैफिक नीरज, डीएसपी हेडक्वार्टर भोला प्रसाद, स्वास्थ्य विभाग के डॉ. मृत्युंजय धावड़िया सहित अन्य विभागों के पदाधिकारी और निजी कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद थे।



