चांडिल-पुरुलिया वैकल्पिक मार्ग का केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने किया शुभारंभ, सोमवार से चांडिल बाजार में भारी वाहनों का प्रवेश रहेगा प्रतिबंधित

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चांडिल-पुरुलिया वैकल्पिक मार्ग का केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने किया शुभारंभ, सोमवार से चांडिल बाजार में भारी वाहनों का प्रवेश रहेगा प्रतिबंधित

चांडिल, 27 जुलाई : चांडिल-पुरुलिया राष्ट्रीय राजमार्ग के वैकल्पिक मार्ग का रविवार को केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री सह रांची सांसद संजय सेठ ने विधिवत शुभारंभ किया। इस मौके पर ईचागढ़ विधायक सविता महतो समेत भाजपा, झामुमो और आजसू पार्टी के अनेक नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

शुभारंभ अवसर पर मंत्री संजय सेठ का भव्य नागरिक अभिनंदन किया गया। भालुककोचा स्थित नौरंगराय सूर्यादेवी सरस्वती शिशु विद्या मंदिर परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में चांडिल के विभिन्न सामाजिक, धार्मिक संगठनों, व्यापारियों, दुकानदारों एवं आम नागरिकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान उन्हें शॉल, मोमेंटो, गमछा सहित अन्य उपहार देकर सम्मानित किया गया।

स्थानीय नागरिकों ने इस अवसर पर चांडिल बाजार की ऐतिहासिक पहचान और गरिमा को बनाए रखने की मांग उठाई। उन्होंने चिंता व्यक्त की कि नए वैकल्पिक मार्ग के कारण बाजार की गतिविधियों पर असर पड़ सकता है। लोगों ने चांडिल बाजार में ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए आभार प्रकट करते हुए बिजली, सड़क, नाली और साफ-सफाई जैसी सुविधाएं सुनिश्चित कराने की मांग की।

मांगों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए मंत्री संजय सेठ ने घोषणा की कि सोमवार से चांडिल बाजार क्षेत्र में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। सभी प्रकार के मालवाहक वाहन अब चांडिल के घोड़ानेगी होते हुए पितकी की ओर से गुजरेंगे। उन्होंने आश्वस्त किया कि एनएचएआई के वरिष्ठ अधिकारियों से वार्ता कर चांडिल गोलचक्कर से स्टेशन चौक तक सड़क की मरम्मत और नई नाली निर्माण का कार्य कराया जाएगा।

इसके अलावा मंत्री ने यह भी घोषणा की कि चांडिल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शीघ्र ही डायलिसिस सुविधा शुरू की जाएगी और ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर हाईमास्ट लाइटें लगाई जाएंगी।

कार्यक्रम में उपस्थित स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों ने मंत्री संजय सेठ का आभार जताया और उनकी घोषणाओं का स्वागत किया।

Share This Article