लूटपाट करने की योजना बनाते तीन अपराधकर्मियों को पुलिस ने हथियार के साथ किया गिरफ्तार

सरायकेला, 20 जुलाई : सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना की पुलिस ने घर में घुसकर लूटपाट करने और रंगदारी वसूलने की योजना बनाते 3 अपराध कर्मियों को हथियार के साथ गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। इसकी जानकारी जिले के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने संवाददाता सम्मेलन में दी। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त शातिर अपराधकर्मी है और पूर्व में भी विभिन्न थाना में उसके खिलाफ मामला दर्ज है।
मिली जानकारी के अनुसार राजनगर थाना प्रभारी को मध्य रात्रि जानकारी मिली कि थाना क्षेत्र अंतर्गत ईचा गांव में कुछ अपराधकर्मी हथियार के साथ एक घर में घुसने का प्रयास कर रहे है तथा लूटपाट की बड़ी घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से आए है। थाना प्रभारी ने इसकी जानकारी तत्काल जिले के पुलिस अधीक्षक को दी। पुलिस अधीक्षक ने अपराधकर्मियों को पकड़ने के लिए सरायकेला के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया।
टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम ईचा से तीन अपराधकर्मी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अपराधकर्मियों में राजनगर थाना के बंदोडीह के रहने वाले 30 वर्षीय विरेंद्र सिंह कुंटिया और 31 वर्षीय पिंटु कुमार रक्षित के अलावा खरसावां थाना क्षेत्र के बरजूडीह के रहने वाले 26 वर्षीय आकाश हेम्ब्रम शामिल है। पुलिस ने अपराधकर्मियों के पास से एक अवैद्य देशी पिस्टल, 9 एमएम का एक जिंदा गोली बरामद किया है। बताया गया कि गिरफ्तार तीनों अपराधकर्मियों के पास से चार मोबाईल, एक एयरपोड, एक चिलम एवं घटना में प्रयुक्त एक स्पेन्डर मोटरसाइकिल संख्या जेएच06 ए 8028 को भी जप्त किया गया है। अपराधकर्मी मोटरसाईकिल से अवैद्य देशी पिस्टल एवं गोली के साथ ग्राम ईचा में एक घर में घुसकर सामानों की चोरी/ लूटपाट करने आए थे।
पुछताछ के क्रम में पुलिस को पता चला कि गिरफ्तार अपराधकर्मी लूट तथा रंगदारी के कई कांडों में आरोपी और विभिन्न थानों में मामला दर्ज है। पिंटू कुमार रक्षित के खिलाफ राजनगर थाना में पांच, चाईबासा में तीन और सरायकेला थाना में एक मामला दर्ज है। विरेंद्र सिंह कुंटिया के खिलाफ सोनुवा थाना में और आकाश हेम्ब्रम के खिलाफ सरायकेला थाना में पोक्सो एक्ट का मामला दर्ज है। छापामारी दलः में राजनगर थाना प्रभारी चंचल कुमार, पुअनि सुभाष चंद्र शर्मा, पुअनि आकाश दीप, पुअनि नंदजी राम गौंड, राजनगर थाना सशस्त्र बल के जवान और स्थानीय चौकीदार शामिल थे।



