बिरसा सेना की नई केंद्रीय संयोजक समिति गठित

जमशेदपुर, 20 जुलाई : बिरसा सेना मुख्यालय, बिरसानगर, जमशेदपुर में रविवार को सेना की आपातकालीन बैठक संगठन के संस्थापक प्रमुख बलराम कर्मकार की अध्यक्षता में हुई। बैठक में संगठन के संस्थापक सदस्य एवं वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की सहमति से निर्णय लिया गया कि वर्तमान जिला, नगर और प्रखंड समितियों को भंग करते हुए एक केंद्रीय संयोजक समिति का गठन किया जाए। मौके पर बलराम कर्मकार ने कहा कि बिरसा सेना का गठन हमने झारखंडियों के जल, जंगल, जमीन और अधिकार की लड़ाई को संगठित आवाज़ देने के लिए किया था। आज भी हम उसी लक्ष्य के लिए पूरे जोश और निष्ठा से जुटे हुए हैं। धरती आबा बिरसा मुंडा ने जिस तरह उलगुलान का आह्वान किया था, हम उसी उलगुलान को आज के समय की जरूरतों के अनुरूप आगे बढ़ा रहे हैं।
इस अवसर पर केंद्रीय संयोजक समिति का गठन किया गया। नवगठित संयोजक समिति में बलराम कर्मकार, सुनील सोरेन, मुकेश गोप, गोविन्द कर्मकार, सुभाष सिंह सरदार, डैनियल उरांव, संजू लोहार, गणेश मुंडा, गोपाल सावली, मुकेश कर्मकार, हिलेरियस टोप्पो, गेरल कर्मकार और मंगल बोईपाई शामिल हैं। यह समिति संगठन की रणनीति, दिशा और जनआंदोलनों को मजबूत आधार देगी। आने वाले समय में बिरसा सेना जनसरोकारों से जुड़े हर मुद्दे को जमीन पर लेकर उतरेगी और झारखंड के लोगों की आवाज़ बनेगी।



