बोड़ाम में युवती से दुष्कर्म, आरोपी युवक गिरफ्तार, मेडिकल जांच व बयान की प्रक्रिया पूरी

संवाददाता,जमशेदपुर/पटमदा, 19 जुलाई : बोड़ाम थाना क्षेत्र अंतर्गत भूला गांव से एक शर्मनाक घटना सामने आई, जहां 22 वर्षीय युवक रामधन चित्रकार पर अपने ही पड़ोस की 21 वर्षीय युवती के साथ जबरदस्ती दुष्कर्म करने का आरोप लगा है।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक ने किसी बहाने युवती को अपने घर बुलाया और फिर जबरन उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता द्वारा विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट भी की। घटना के बाद युवती जब अपने घर पहुंची, तो उसने पूरे मामले की जानकारी अपने परिजनों को दी।
परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए बोड़ाम थाना पहुंचकर आरोपी युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। प्राथमिकी दर्ज होते ही पुलिस हरकत में आई और आरोपी युवक रामधन चित्रकार को हिरासत में ले लिया।
इस संबंध में बोड़ाम थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार ने जानकारी दी कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया जाएगा।
वहीं, पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है और न्यायालय में दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 164 के तहत उसका बयान दर्ज कराया गया है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।



