गड्ढों ने ली सड़क की सुरक्षा, कपाली में स्कूटी दुर्घटना में नाबालिग गंभीर रूप से घायल — सड़क की बदहाली पर फिर उठे सवाल, स्थानीयों ने जताई नाराजगी

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

गड्ढों ने ली सड़क की सुरक्षा, कपाली में स्कूटी दुर्घटना में नाबालिग गंभीर रूप से घायल — सड़क की बदहाली पर फिर उठे सवाल, स्थानीयों ने जताई नाराजगी

चांडिल, 19 जुलाई : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत पूड़ीसिली चौक के समीप सोमवार को एक स्कूटी दुर्घटना में एक नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण यह हादसा हुआ। स्कूटी पर सवार रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र निवासी हर्षिता साव अपने साथ एक नाबालिग को लेकर जा रही थीं, तभी पूड़ीसिली चौक के समीप स्कूटी असंतुलित होकर गिर गई।

इस हादसे में नाबालिग बच्चे को आंख, सिर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। उसका दायां आंख विशेष रूप से क्षतिग्रस्त हो गया है। वहीं, हर्षिता साव को मामूली चोटें आई हैं। दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को चिलगु स्थित एक निजी क्लीनिक ले जाया गया, जहां नाबालिग को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर चिकित्सा के लिए समाजसेवी हरेलाल महतो की सहायता से एम्बुलेंस के माध्यम से एमजीएम मेडिकल कॉलेज, डिमना रेफर किया गया। वहीं, घटना की जानकारी कपाली पुलिस को भी दी गई।

स्थानीय लोगों ने बताया कि कांदरबेड़ा-दोमुहानी मुख्य मार्ग पूरी तरह से जर्जर हो चुका है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हैं, जिससे आए दिन वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं।

हर्षिता साव की स्कूटी भी इन्हीं गड्ढों की वजह से फिसल गई, जिससे यह गंभीर हादसा हुआ। क्षेत्र के नागरिकों ने सड़क की मरम्मत की मांग को लेकर प्रशासन से अविलंब कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों और राहगीरों का कहना है कि कई बार इस मार्ग की मरम्मत की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं की गई, तो ऐसे हादसे और भी हो सकते हैं।

रिपोर्ट: ManbhumUpdates 

अधिक समाचारों के लिए जुड़े रहें : www.manbhumupdates.com

Share This Article