युवती के साथ शारिरिक शोषण करने के आरोप में DSP सस्पेंड – विभागीय जांच शुरू

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

युवती के साथ शारिरिक शोषण करने के आरोप में DSP सस्पेंड – विभागीय जांच शुरू

रांची, 18 जुलाई : झारखंड सरकार ने लोहरदगा में पदस्थापित प्रशिक्षु डीएसपी अमित कुमार सिंह को गंभीर आरोपों के चलते तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। अमित कुमार सिंह पर एक युवती ने शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने और फर्जी आधार कार्ड का इस्तेमाल कर होटल में ठहरने जैसे संगीन आरोप लगाए थे। पीड़िता ने ई-मेल के माध्यम से अमित कुमार सिंह के खिलाफ झारखंड पुलिस मुख्यालय को शिकायत भेजी थी।

पुलिस मुख्यालय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दिए। एडीजी स्तर के अधिकारी द्वारा की गई जांच में युवती द्वारा लगाए गए आरोप सही पाए गए। रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि डीएसपी अमित कुमार सिंह ने शिकायतकर्ता पर दबाव बनाकर शिकायत वापस लेने और सबूत नष्ट करने की कोशिश की थी।

एडीजी ने अपनी रिपोर्ट में इसे गंभीर सेवा उल्लंघन और पद की गरिमा के खिलाफ आचरण बताया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर झारखंड सरकार ने झारखंड सरकारी सेवक नियमावली 2016 के तहत कार्रवाई करते हुए अमित कुमार सिंह को सस्पेंड कर दिया है।

निलंबन की अवधि में उनका मुख्यालय डीआईजी रांची कार्यालय निर्धारित किया गया है, जहां वे कार्यरत नहीं रहेंगे, केवल जीवन निर्वाह भत्ता प्राप्त करेंगे। साथ ही, उनके खिलाफ विभागीय जांच भी प्रारंभ कर दी गई है।

यह मामला न केवल पुलिस व्यवस्था की छवि पर सवाल खड़ा करता है, बल्कि यह भी स्पष्ट करता है कि झारखंड सरकार इस प्रकार के गंभीर मामलों पर शून्य सहिष्णुता की नीति अपना रही है।

Share This Article