झामुमो ने 130वें संविधान संशोधन के खिलाफ सरायकेला में फूंका केंद्र सरकार का पुतला

सरायकेला, 24 अगस्त : सरायकेला के गैरेज चौक में रविवार को झामुमो कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष डाॅ शुभेंदु महतो के नेतृत्व में केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा 130वें संशोधन के रूप में पेश किए गए असंवैधानिक विधेयक के खिलाफ केंद्र सरकार का पुतला फूंका। झामुमो ने कहा कि यह संशोधन भारतीय संविधान के मौलिक सिद्धांत “दोष साबित होने तक आरोपी निर्दोष होता है” के उल्लंघन के लिए लाया गया है। इस दौरान झामुमो कार्यकर्ताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की।
मौके पर जिलाध्यक्ष डाॅ शुभेंदु महतो ने 130वें संविधान संशोधन को लोकतंत्र के लिए काला अध्याय बताते हुए कहा कि ये लोकतंत्र पर सीधा हमला है। यह पूरी तरह विपक्षी दलों के नेताओं को टारगेट करने के लिए किया जा रहा है। पहले भी राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को ईडी का दुरुपयोग करते हुए जेल में डाला गया था, फिर अन्य राज्यों के विपक्षी नेताओं के साथ भी ऐसा ही हुआ। अब जब केंद्र की भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल रही तो अब संविधान संशोधन कर विपक्ष के नेताओं को डराना चाहती है, लेकिन इससे कोई भी डरने व झुकने वाले नही है। झामुमो इस संविधान संशोधन बिल का पुरजोर विरोध करती है।
वही जिला उपाध्यक्ष शेख फरीद, जिला सचिव बैधनाथ टुडू, जिला उपाध्यक्ष धर्मु गोप, झामुमो नेता गणेश माहली व केंद्रीय सदस्य गणेश चौधरी ने अपने संयुक्त संबोधन कहा कि भाजपा सत्ता में बने रहने के लिए ईडी, सीबीआई और चुनाव आयोग का इस्तेमाल कर रही है। साथ ही विपक्षी नेताओं को डराने और उनकी राजनीति खत्म करने के लिए लगातार नए तरीके अपना रही है। यह संशोधन बिल विपक्ष की राजनीति को खत्म करने की साजिश है। हमारी पार्टी इस असंवैधानिक विधेयक का कड़ा विरोध करती है।
मौके पर केंद्रीय समिति सदस्य विशु हेम्ब्रम, युवा मोर्चा जिला सचिव बबलू प्रधान, जिला उपाध्यक्ष भुंडा बेसरा, भोला मोहंती, जगदीश महतो, सुदामा हेम्ब्रम, जन्नत हुसैन, मो अरशद, तपन कामिला, दीनबंधु महतो, अक्षय मंडल, देवीलाल महतो, संजय हांसदा, अभिनाश कवि, घासीराम सोरेन सहित बडी संख्या में कार्यकर्ता व समर्थक उपस्थित थे।



