चांडिल डैम का जलस्तर घटा, बंद किए गए छह फाटक, विस्थापितों ने ली राहत की सांस

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चांडिल डैम का जलस्तर घटा, बंद किए गए छह फाटक, विस्थापितों ने ली राहत की सांस

चांडिल ,संवाददाता विशेष,17 जुलाई : लगातार कई दिनों से हो रही बारिश के थमने और जलप्रवाह में कमी आने के बाद चांडिल डैम का जलस्तर अब धीरे-धीरे सामान्य हो रहा है। गुरुवार को डैम का जलस्तर घटकर 179.50 मीटर पर पहुंच गया, जिसके बाद प्रबंधन द्वारा खुले हुए 10 फाटकों में से 6 फाटक बंद कर दिए गए।

जानकारी के अनुसार, बुधवार को डैम का जलस्तर 180.20 मीटर दर्ज किया गया था, और उस समय सभी 10 फाटक खुले हुए थे। लेकिन बीते 24 घंटे में जलस्तर में 70 सेंटीमीटर की गिरावट दर्ज की गई है। गुरुवार शाम तक केवल चार फाटक दो-दो मीटर की ऊंचाई पर खुले रखे गए थे, जिससे नदी में नियंत्रित जलप्रवाह जारी रहा।

जलस्तर में गिरावट से डैम के निकटवर्ती विस्थापित गांवों में रहने वाले लोगों ने राहत की सांस ली है। लगातार बारिश और डैम के अधिक जलस्तर के कारण खतरे की आशंका बनी हुई थी, लेकिन अब स्थिति कुछ हद तक नियंत्रण में है।

डैम का जलस्तर घटने के साथ ही स्वर्णरेखा नदी में भी जलस्तर में कमी आई है, जिससे निचले इलाकों में जलभराव की संभावना कम हुई है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और आवश्यकतानुसार फाटकों की स्थिति में बदलाव किया जा रहा है।

Share This Article