दयावती मोदी पब्लिक स्कूल चांडिल ने जीता सीबीएसई क्लस्टर फुटबॉल टूर्नामेंट, अब खेलेगा राष्ट्रीय स्तर पर
संत माइकल हाई स्कूल पटना को 6-0 से हराकर फाइनल में मारी बाज़ी

चांडिल, 16 जुलाई : दयावती मोदी पब्लिक स्कूल, चांडिल के खिलाड़ियों ने सीबीएसई द्वारा आयोजित क्लस्टर-III अंडर-17 फुटबॉल टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। यह फाइनल मुकाबला रामगढ़ स्थित राधा गोविंद सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल के मैदान में खेला गया, जिसमें चांडिल की टीम ने संत माइकल हाई स्कूल, पटना को एकतरफा मुकाबले में 6-0 से पराजित किया।
इस शानदार जीत के साथ दयावती मोदी पब्लिक स्कूल की टीम ने राष्ट्रीय फुटबॉल टूर्नामेंट में अपनी जगह पक्की कर ली है। टूर्नामेंट के दौरान विद्यालय के छात्रों ने न सिर्फ टीम स्तर पर बेहतर प्रदर्शन किया, बल्कि व्यक्तिगत स्तर पर भी कई उपलब्धियां हासिल कीं।
दीपक हेंब्रम (कक्षा 10वीं) को “मैन ऑफ द मैच”, समीर भुईयां (कक्षा 10वीं) को “मैन ऑफ द सीरीज” और दयाल पारित (कक्षा 11वीं) को “बेस्ट गोलकीपर” का खिताब मिला।
विद्यालय की प्राचार्या सम्पा बनर्जी ने विजयी टीम को बधाई दी और सभी खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यालय और पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।
अब यह टीम राष्ट्रीय फुटबॉल टूर्नामेंट में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेगी, जिससे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।



