कांदरबेड़ा-दोमुहानी मार्ग पर तेज रफ्तार कार दुर्घटनाग्रस्त, बिजली खंभे से टकराई, परखच्चे उड़े

चांडिल, 16 जुलाई : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत कांदरबेड़ा-दोमुहानी रोड पर मंगलवार की शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क से बाहर झाड़ियों में जा गिरी और वहां लगे एक बिजली के खंभे को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह सड़क से उछलकर सीधे झाड़ियों में जा घुसी और खंभे से टकराकर रुक गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बिजली का खंभा क्षतिग्रस्त हो गया और कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे की सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आशंका जताई जा रही है कि कार सवार दोनों व्यक्ति नशे में धुत थे और काफी तेज गति से वाहन चला रहे थे, जिससे यह दुर्घटना हुई। हालांकि, कार में सवार दो व्यक्ति बिल्कुल सुरक्षित हैं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत और आक्रोश का माहौल है। क्षेत्रवासी लगातार हो रही तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही को लेकर प्रशासन से सख्ती की मांग कर रहे हैं।



