मौसम अलर्ट के मद्देनज़र पूर्वी सिंहभूम के सभी स्कूल 15 जुलाई को रहेंगे बंद

रिपोर्ट: ManbhumUpdates.com
जमशेदपुर, 14 जुलाई : भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा पूर्वानुमानित भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी को देखते हुए पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने एहतियातन कदम उठाया है। जिले के उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी की ओर से सोमवार को जारी आदेश के अनुसार, 15 जुलाई 2025 (मंगलवार) को जिले के सभी सरकारी, निजी एवं गैर-मान्यता प्राप्त विद्यालयों में कक्षा-यू.के.जी से लेकर कक्षा 12वीं तक के लिए एक दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है।
आदेश के अनुसार, मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि जिले में भारी बारिश एवं वज्रपात की संभावना है, जिससे बच्चों की सुरक्षा को खतरा हो सकता है। इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने सभी स्कूलों को बंद रखने का निर्णय लिया है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय छात्रों की सुरक्षा को सर्वोपरि मानते हुए लिया गया है।
प्रशासन द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि यदि किसी विद्यालय द्वारा आदेश का उल्लंघन किया गया तो उसके विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, जिला प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और आवश्यकता पड़ने पर आगे के लिए भी निर्देश जारी किए जाएंगे।
इस आदेश की प्रति जिला शिक्षा पदाधिकारी, सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारियों, सरकारी, गैर-सरकारी एवं निजी विद्यालयों के प्राचार्यों को भेज दी गई है ताकि इस आदेश का अनुपालन सुनिश्चित हो सके।



