सड़क पर बने गड्ढे में घुसकर अनियंत्रित कंटेनर डिवाइडर पर चढ़ा, वाहन निकालने पहुंचा हाइड्रा भी पलटा

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

सड़क पर बने गड्ढे में घुसकर अनियंत्रित कंटेनर डिवाइडर पर चढ़ा, वाहन निकालने पहुंचा हाइड्रा भी पलटा


चांडिल, 14 जुलाई : टाटा-रांची फोरलेन सड़क पर चौका आेवर ब्रीज में बना बड़ा और गहरा गड्ढा दुर्घटना का कारण बन रहा है। रविवार की देर रात सड़क पर बने गड्ढे में घुसकर एक कंटेनर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। मिली जानकारी के अनुसार बैंगलोर से अगरबत्ती लेकर रांची जा रहा कांटेनर गड्ढे में घुसने के बाद सड़क के बीच बने डिवाइडर पर चढ़ गया। इस दुर्घटना में सड़क के बीच लगा एक स्ट्रीट लाइट भी उखड़ गया. दुर्घटनाग्रस्त कंटेनर का चालक व खलासी दोनों सुरक्षित बताया जा रहा है। विदित हो कि टाटा-रांची फोरलेन टोल रोड़ पर अनगिनत गड्ढे हो गए है। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भरे रहने के कारण वाहन चालकों को गड्ढों का अनुमान नहीं हो रहा है और वे दुर्घटना के शिकार हो रहे हैं।

वाहन को निकालने पहुंचा हाइड्री पलटा

दुर्घटना की जानकारी मिलने के बाद चौका थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और सोमवार की सुबह दुर्घटनाग्रस्त कंटेनर को डिवाइडर से बाहर निकालने के लिए बुंडू से एनएचएआई का क्रेन और भाड़े का हाइड्रा मंगाया। दुर्घटनाग्रस्त कंटेनर को डिवाइडर से निकालने के बाद उसे सड़क के किनारे लगाया जा रहा था। इसी क्रम में अनियंत्रित होकर हाइड्रा बीच सड़क पर ही पलट गया। इस दुर्घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। सड़क पर पलटे हाइड्रा को उठाने के लिए दूसरा हाइड्रा मंगाया गया। सोमवार को दोपहर करीब 12 बजे हाइड्रा को उठाया गया। तकनीकी खराबी के कारण शाम तक हाइड्रा बीच सड़क पर ही लगा रहा।

नहीं जलते स्ट्रीट लाइट

ओवर ब्रीज के जिस स्थान पर दुर्घटना घटी उस स्थान पर लगाए गए स्ट्रीट लाइट फिलहाल शोभा की वस्तु बना हुआ है। बीच सड़क पर लगाए गए स्ट्रीट लाइटों में लगभग आधी बंद ही रहती है। कुछ माह पूर्व उसी स्थान के सामने हाइवा के दुर्घटनाग्रस्त होने पर पर एक स्ट्रीट लाइट उखड़ गया था। जिस स्थान पर दुर्घटना घटी उसके सामने ही सर्विक रोड शुरू होता है। लाइट नहीं जलने के कारण वाहन चालकों को इससे परेशानी होती है। सर्विस रोड होने होने की सूचना वाला बोर्ड भी नहीं लगा है और ना उस स्थान पर साइनेज लगा है.स्थानीय लोगों को कहना है कि बार-बार आग्रह करने के बाद भी एनएचएआई के अधिकारी सड़क पर यातायात नियमों के अनुपालन कराने की दिशा में सकारात्मक कदम नहीं उठा रहे हैं।

Share This Article