ईचागढ़ में दिव्यांग बच्चों के लिए जांच शिविर आयोजित, 31 बच्चों को वितरित किए गए सहायक उपकरण

ईचागढ़, 11 जुलाई: ADIP-SSA योजना के तहत समावेशी शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आज ईचागढ़ प्रखंड संसाधन केंद्र में दिव्यांग बच्चों के लिए एक दिवसीय प्रखंड स्तरीय जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सरायकेला तथा चांडिल अनुमंडलीय विधिक सेवा समिति की सक्रिय सहभागिता रही।
शिविर में उपस्थित सभी दिव्यांग बच्चों और उनके अभिभावकों से संवाद स्थापित कर उन्हें विधिक अधिकारों और सरकारी सहायता योजनाओं के संबंध में जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम के दौरान कुल 31 दिव्यांग बच्चों के बीच सहायक उपकरणों का वितरण किया गया, जिससे उनके शैक्षणिक और दैनिक जीवन में सहूलियत हो सके।
इस अवसर पर PLV (पैरा लीगल वॉलंटियर्स) के रूप में कार्तिक गोप, तुष्ट रानी मंडल, इसिता उरांव, निर्मल घोष, दिगम्बर महतो और गंगासागर समेत कई सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण की दिशा में यह पहल न केवल सराहनीय रही, बल्कि समाज में समावेशी दृष्टिकोण को मजबूती प्रदान करने वाली साबित हुई।



