खरसावां विधायक दशरथ गागराई ने निभाया मानवता का फर्ज, सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को पहुंचाया अस्पताल

सरायकेला, 11 जुलाई, संवाददाता : खरसावां विधानसभा क्षेत्र के विधायक दशरथ गागराई ने एक बार फिर अपनी मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए लोगों का दिल जीत लिया। गुरुवार रात को सरायकेला थाना क्षेत्र के दुगनी स्थित बीपीसीएल पेट्रोल पंप के समीप एक व्यक्ति सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके से गुजर रहे विधायक दशरथ गागराई ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल घायल व्यक्ति को अपनी देखरेख में सरायकेला सदर अस्पताल पहुंचाया और चिकित्सकों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।घायल व्यक्ति की पहचान हाथिया गांव निवासी अरुण मंडल के रूप में हुई है।
विधायक ने न सिर्फ त्वरित कार्रवाई की, बल्कि अस्पताल पहुंचकर खुद चिकित्सकों से बात की और इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित की। इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि आम जनता की सेवा करना ही उनके जनप्रतिनिधि होने का असली दायित्व है।

उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देश देते हुए कहा कि घायल को हरसंभव बेहतर इलाज दिया जाए और आवश्यकता पड़ने पर आगे रेफर की भी व्यवस्था की जाए।
स्थानीय लोगों ने विधायक के इस सराहनीय कदम की प्रशंसा की, स्थानीय ग्रामीणों और प्रत्यक्षदर्शियों ने विधायक के इस मानवीय पहल की जमकर सराहना की। उनका कहना था कि जब अधिकतर जनप्रतिनिधि आम जनता की समस्याओं से दूरी बनाए रखते हैं, ऐसे समय में विधायक गागराई का यह संवेदनशील रवैया प्रशंसनीय है।
अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, अरुण मंडल की स्थिति अब स्थिर बताई जा रही है। उसे सिर और पैर में चोटें आई हैं, लेकिन खतरे से बाहर है। डॉक्टरों की एक टीम उसकी देखरेख में लगातार जुटी हुई है।



