सनसनीखेज खुलासा : चोरी के बाद दुर्घटनाग्रस्त हुआ ट्रक, फिर लगी आग

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

सनसनीखेज खुलासा : चोरी के बाद दुर्घटनाग्रस्त हुआ ट्रक, फिर लगी आग

चांडिल/आदित्यपुर, 10 जुलाई  : बीती रात आदित्यपुर टोल प्लाजा के समीप से एक ट्रक की चोरी और फिर अगली सुबह उस ट्रक का दुर्घटनाग्रस्त होकर जलकर राख हो जाना अब महज एक हादसा नहीं, बल्कि एक सुनियोजित आपराधिक वारदात के रूप में सामने आया है। मामले में नया मोड़ तब आया, जब ट्रक मालिक शंकर चौपाल ने चौका थाना में चोरी की लिखित शिकायत दर्ज कराई।

आदित्यपुर निवासी और पेशे से ट्रक मालिक सह चालक शंकर चौपाल ने बताया कि बुधवार की रात लगभग 12 बजे उन्होंने अपना ट्रक टोल प्लाजा के पास खड़ा किया था और रात का भोजन करने के लिए अपने घर चले गए थे। सुबह जब वे ट्रक लेकर निकलने वाले थे, तब उन्हें ट्रक गायब मिला। काफी खोजबीन के बाद जब कोई जानकारी नहीं मिली।

इसी बीच सुबह-सुबह चौका–कांड्रा मुख्य मार्ग पर लखना सिंह घाटी में एक अज्ञात ट्रक के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद उसमें आग लगने की खबर आई थी। शुरू में पुलिस और स्थानीय लोगों को लगा कि यह कोई सामान्य सड़क दुर्घटना है, लेकिन जैसे ही पुलिस ने ट्रक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर मालिक से संपर्क किया, पूरे मामले की परतें खुलने लगीं।

शंकर चौपाल ने बताया कि वह ट्रक उनका ही था, जिसे रात में चुराकर कोई भागने की फिराक में था और उसी दौरान यह दुर्घटना हुई, जिसमें ट्रक जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया।

बड़ा सवाल यह है कि ट्रक की चोरी के पीछे कौन लोग थे? क्या यह कोई सुनियोजित गिरोह है जो ट्रकों की चोरी कर उन्हें गायब करता है?

पुलिस फिलहाल मामले की तफ्तीश में जुट गई है। चौका पुलिस ने पुष्टि की है कि चोरी और हादसे के एंगल से जांच शुरू हो चुकी है और ट्रक मालिक के बयान के आधार पर अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है।

आग की लपटों में छुपी साजिश अब धीरे-धीरे उजागर हो रही है। ट्रक की चोरी और जलने की घटना ने न सिर्फ इलाके में सनसनी फैला दी है, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था और रात्रि गश्ती पर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

ManbhumUpdates.com आपके लिए लाएगा इस मामले की हर अपडेट सबसे पहले। जुड़े रहें।

Share This Article