दिल्ली में सीएम हेमंत सोरेन से मिले नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, दिशोम गुरु शिबू सोरेन के स्वास्थ्य की ली जानकारी

रांची, 09 जुलाई : झारखंड की सियासत से एक सौहार्दपूर्ण तस्वीर सामने आई है। राजधानी दिल्ली में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात के दौरान मरांडी ने झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन उर्फ गुरुजी के स्वास्थ्य के संबंध में जानकारी ली।
बाबूलाल मरांडी ने स्वयं इस मुलाकात की जानकारी अपने सोशल मीडिया हैंडल पर साझा करते हुए गुरुजी के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा – “दिल्ली में मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन जी से मुलाकात कर आदरणीय गुरुजी श्री शिबू सोरेन जी के स्वास्थ्य की जानकारी ली। हम सभी ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि उन्हें जल्द स्वस्थ करें, ताकि हम सभी को उनका सानिध्य पुनः प्राप्त हो।”
यह मुलाकात राजनीतिक मतभेदों से परे व्यक्तिगत और भावनात्मक संवेदना को दर्शाती है। झारखंड की राजनीति में दशकों से सक्रिय दोनों नेताओं का यह मिलन राज्य में सौहार्द और परस्पर सम्मान का प्रतीक है।
गौरतलब है कि गुरुजी शिबू सोरेन पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे हैं और उनका इलाज दिल्ली स्थित सर गंगाराम अस्पताल में चल रहा है। सीएम हेमंत सोरेन, उनकी पत्नी एवं गांडेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन व छोटे भाई एवं दुमका विधायक बसंत सोरेन लगातार उनके स्वास्थ्य की निगरानी कर रहे हैं और पार्टी कार्यकर्ताओं समेत आम जनों से भी गुरुजी के लिए प्रार्थना की अपील की गई है।
राजनीतिक गलियारों में इस मुलाकात को सकारात्मक संकेत के रूप में देखा जा रहा है, जो झारखंड की राजनीति में परिपक्वता और मानवीय भावनाओं की झलक पेश करता है।



