पुलिस निरीक्षक अजय कुमार को डीएसपी पद पर पदोन्नति, पिपिंग सेरेमनी में हुआ सम्मान

सरायकेला-खरसावां, 07 जुलाई : झारखंड सरकार के गृह कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग की अधिसूचना के आलोक में आदित्यपुर यातायात थाना प्रभारी के रूप में कार्यरत पुलिस निरीक्षक अजय कुमार को राज्य पुलिस सेवा में पदोन्नति प्रदान करते हुए पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) के पद पर नियुक्त किया गया है।
पदोन्नति के उपलक्ष्य में आज दिनांक 07 जुलाई 2025 को सरायकेला अनुमंडल पुलिस कार्यालय परिसर में एक गरिमामयी पिपिंग सेरेमनी का आयोजन किया गया। समारोह में पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) सरायकेला एवं पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) की उपस्थिति में अजय कुमार को उनकी वर्दी पर नई रैंक (डीएसपी बैज) अलंकृत कर औपचारिक रूप से सम्मानित किया गया।
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक ने अजय कुमार को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अजय कुमार एक अनुशासित, कर्मठ और ईमानदार अधिकारी रहे हैं। यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने और आदित्यपुर थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में इनका योगदान उल्लेखनीय रहा है। डीएसपी के रूप में इनसे और बेहतर कार्य की अपेक्षा रहेगी।
अजय कुमार, जो लंबे समय से आदित्यपुर क्षेत्र में पुलिस सेवा दे रहे थे, अपनी कार्यकुशलता, नेतृत्व क्षमता और सजग पुलिसिंग के लिए जाने जाते हैं। पदोन्नति के इस मौके पर उन्होंने भी कहा यह पदोन्नति मेरे लिए एक नई जिम्मेदारी है। जनता की सेवा और कानून व्यवस्था की मजबूती के लिए मैं पहले से अधिक समर्पित होकर कार्य करूंगा।
पिपिंग सेरेमनी में कई पुलिस अधिकारी, कर्मचारी, मीडिया प्रतिनिधि एवं आम नागरिक उपस्थित थे। समारोह के बाद सभी अधिकारियों द्वारा अजय कुमार को बधाई दी गई और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
यह पदोन्नति ना केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि यह झारखंड पुलिस बल में कार्यरत अन्य अधिकारियों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बनी है।



