शिक्षिका का प्रेम-प्रसंग और सड़क पर तमाशा – नैतिक मूल्यों पर सवाल, शिक्षा व्यवस्था पर धब्बा

07 जुलाई,सरायकेला-खरसावां/नीमडीह : सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने समाज को झकझोर कर रख दिया है। एक ओर जहां शिक्षक को समाज का मार्गदर्शक और आदर्श माना जाता है, वहीं दूसरी ओर एक शिक्षिका के निजी आचरण ने इस गरिमा को प्रश्नचिन्ह में ला खड़ा किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नीमडीह थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर निवासी जितेंद्र दास, जो पहले से शादीशुदा और एक बच्चे के पिता हैं, ने हाल ही में एक सरकारी आवासीय विद्यालय की शिक्षिका से शादी कर ली। चौंकाने वाली बात यह है कि यह शिक्षिका उसी स्कूल में पदस्थापित हैं, जहां बच्चों को नैतिकता, अनुशासन और आदर्श का पाठ पढ़ाया जाता है।
बताया जा रहा है कि जितेंद्र दास और शिक्षिका के बीच कई वर्षों से प्रेम संबंध था। रविवार को दोनों को मोटरसाइकिल से पश्चिम बंगाल के बलरामपुर जाते और लौटते समय आदारडीह में जितेंद्र की पहली पत्नी और परिजनों ने रंगे हाथों पकड़ लिया। देखते ही देखते सड़क पर ही पत्नी ने पति और उसकी प्रेमिका को चप्पल से पीटना शुरू कर दिया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जो अब लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
इस घटना के बाद पीड़िता ने नीमडीह थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने संज्ञान लेते हुए प्राथमिकी दर्ज कर ली है। लेकिन इससे भी चौंकाने वाली बात यह रही कि सोमवार दोपहर को आरोपी जितेंद्र दास ने अपनी प्रेमिका शिक्षिका से अपने ही घर में शादी रचा ली, जिसमें उसके परिवार के अन्य सदस्य भी शामिल थे।
शिक्षिका की भूमिका पर उठे सवाल
इस पूरे प्रकरण में सबसे अधिक चिंता का विषय शिक्षिका की भूमिका है। जिस विद्यालय में वह कार्यरत हैं, वहां गरीब और दूरदराज के इलाकों से आए बच्चे शिक्षा ग्रहण करते हैं। परंतु जब एक शिक्षिका स्वयं अपने आचरण से मर्यादाओं को लांघेगी, तो उन बच्चों के मन-मस्तिष्क पर इसका क्या असर होगा?
विद्यालय के बच्चों के परिजन अब एकजुट होकर शिक्षिका को तत्काल निलंबित करने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि इस तरह के कृत्य से शिक्षकों की छवि धूमिल होती है और विद्यार्थियों में गलत संदेश जाता है।
समाज को चेतने की जरूरत
यह मामला केवल एक प्रेम-प्रसंग या पारिवारिक विवाद नहीं, बल्कि एक सामाजिक चेतावनी है। शिक्षक-शिक्षिका समाज के निर्माता होते हैं, जिनसे हर बच्चा सीखता है। यदि वही कर्तव्यों से भटक जाएं, तो शिक्षा प्रणाली की नींव कमजोर हो जाती है।
समाज को न केवल ऐसे मामलों की निंदा करनी चाहिए, बल्कि यह भी सुनिश्चित करना चाहिए कि शिक्षण संस्थानों में आचार-संहिता और नैतिकता का पालन अनिवार्य रूप से हो। प्रशासन से अपेक्षा है कि वह इस मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर उचित कार्रवाई करे और शिक्षा की गरिमा को बचाए रखे।
यह समाचार समाज को जागरूक करने और शिक्षा जगत की प्रतिष्ठा को संरक्षित करने के उद्देश्य से प्रस्तुत किया गया है। व्यक्तिगत जीवन की गोपनीयता का सम्मान करते हुए, यह अपेक्षित है कि सार्वजनिक पदों पर बैठे व्यक्ति अपने आचरण में गरिमा बनाए रखें।



