चांडिल : बाइक चोरी के आरोपी को ग्रामीणों ने रंगे हाथों पकड़ा, चांडिल पुलिस ने भेजा जेल

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चांडिल : बाइक चोरी के आरोपी को ग्रामीणों ने रंगे हाथों पकड़ा, चांडिल पुलिस ने भेजा जेल

चांडिल, 09 दिसंबर : थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह हुई बाइक चोरी की घटना में ग्रामीणों की सतर्कता से पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आसनबनी के लाया भूषण पहाड़िया ने लिखित शिकायत दर्ज कराई कि उनके आंगन में खड़ी मोटरसाइकिल को चोरी कर एक युवक फरार हो गया था। आरोपी की पहचान आदित्य राज गिल उर्फ जगजीत सिंह गिल (उम्र 23 वर्ष), निवासी बारीडीह बस्ती, थाना सिदगोड़ा, जिला पूर्वी सिंहभूम के रूप में हुई। शिकायत के आधार पर चांडिल थाना में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार आरोपी चोरी की बाइक लेकर बिरीगोड़ा स्थित एक टायर दुकान से मोबाइल चोरी करने की भी कोशिश कर रहा था, लेकिन दुकानदार को शक होने पर वह वहां से भाग निकला। ग्रामीणों ने आसनबनी, बिरीगोड़ा से कांदरबेड़ा क्षेत्र में खोजबीन शुरू की। इसी दौरान आरोपी रामगढ़ और कांदरबेड़ा के बीच स्थित हाथी अंडरपास के नीचे गांजा पीते हुए मिला। ग्रामीणों ने उसे चोरी की बाइक के साथ रंगे हाथों पकड़कर चांडिल पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस ने अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजने का आदेश दिया गया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Share This Article