गंजिया बराज पहुंचे उपायुक्त, सिंचाई परियोजना का लिया जायजा — किसानों को दी वाणिज्यिक खेती अपनाने की सलाह

गंजिया बराज को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का निर्देश
सरायकेला, 06 जुलाई : जिले के गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत स्थित गंजिया बराज का उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने गंजिया बराज से संचालित सिंचाई परियोजना की अद्यतन प्रगति की समीक्षा की तथा परियोजना से अब तक वंचित ग्रामीण क्षेत्रों को डीप एरिगेशन प्रणाली से जोड़ने का निर्देश दिया, जिससे अधिक से अधिक किसानों को लाभ मिल सके।
श्री सिंह ने गंजिया बराज क्षेत्र को संभावित पर्यटन स्थल के रूप में चिह्नित करते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी, गम्हरिया को इस संदर्भ में संशोधित प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र जिला मुख्यालय को भेजने का निर्देश भी दिया।
निरीक्षण के उपरांत उपायुक्त ने किसानों से संवाद करते हुए उन्हें पारंपरिक फसलों जैसे धान और गेहूं के साथ-साथ फल, फूल एवं सब्जियों की वाणिज्यिक खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि यदि किसान आधुनिक एवं वैज्ञानिक कृषि तकनीकों को अपनाएं, तो क्षेत्र में कृषि उत्पादकता के साथ-साथ उनकी आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि संभव है।

उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि प्रशासन की ओर से किसानों की उपज को उचित बाजार एवं लाभकारी मूल्य उपलब्ध कराने हेतु ठोस कदम उठाए जाएंगे। साथ ही, क्षेत्र में कोल्ड स्टोरेज की स्थापना के लिए भी योजना तैयार की जा रही है, जिससे कृषि उत्पादों के सुरक्षित भंडारण में सहूलियत मिल सके।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे सिंचाई व्यवस्था के अधिकतम उपयोग हेतु कृषकों को निरंतर तकनीकी मार्गदर्शन और सहायता प्रदान करें। इससे कृषि क्षेत्र में विविधता लाकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती दी जा सकती है।
निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी गम्हरिया अभय कुमार द्विवेदी, सहायक अभियंता, खरकई डिवीजन सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी भी उपस्थित थे।
यह पहल जिले में कृषि विकास और ग्रामीण सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।



