सरायकेला में 8 जुलाई को आयोजित होगी “जिला स्तरीय सक्रिय महिला कार्यशाला”

सरकारी योजनाओं की जानकारी से सशक्त होंगी ग्रामीण महिलाएं
सरायकेला, 06 जुलाई : महिलाओं को सशक्त बनाने और उन्हें सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराने के उद्देश्य से आगामी 8 जुलाई 2025 को सरायकेला के टाउन हॉल में “जिला स्तरीय सक्रिय महिला कार्यशाला” का आयोजन किया जा रहा है। यह एक दिवसीय कार्यक्रम अपराह्न 12:00 बजे से शुरू होगा, जिसमें सरायकेला-खरसावाँ जिला अंतर्गत कार्यरत JSLPS (झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी) की सक्रिय महिलाएं भाग लेंगी।
इस कार्यशाला के माध्यम से महिलाओं को केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी ताकि वे जमीनी स्तर पर जागरूकता फैलाकर पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचा सकें।
कार्यशाला को सफलतापूर्वक आयोजित करने हेतु उपायुक्त, सरायकेला-खरसावाँ के निर्देश पर विभिन्न विभागों को आवश्यक जिम्मेदारियाँ सौंपी गई हैं :
जिला परिवहन पदाधिकारी को सभी प्रखंडों से सक्रिय महिलाओं को कार्यक्रम स्थल तक लाने और ले जाने हेतु वाहनों की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
नगर पंचायत, सरायकेला को आयोजन से पहले और बाद में कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई एवं आवश्यक उपकरणों की व्यवस्था करने की जिम्मेदारी दी गई है।
सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे JSLPS के प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधकों के साथ समन्वय स्थापित कर अपने-अपने प्रखंडों की सक्रिय महिलाओं की उपस्थिति सुनिश्चित करें।
जिला कार्यक्रम प्रबंधक, JSLPS को प्रतिभागियों के भोजन एवं पेयजल की समुचित व्यवस्था कराने का निर्देश दिया गया है।
यह कार्यशाला न केवल ग्रामीण महिलाओं की भूमिका को सशक्त बनाएगी, बल्कि उन्हें स्थानीय नेतृत्व और सामाजिक विकास की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर भी प्रदान करेगी। प्रशासन की इस पहल को क्षेत्र में महिला जागरूकता और भागीदारी को बढ़ावा देने के एक सकारात्मक कदम के रूप में देखा जा रहा है।



