Manbhum Updates के खबर का बड़ा असर – DMFT चयन सूची रद्द, बाहरी उम्मीदवारों के वर्चस्व पर मचा था बवाल

सरायकेला, 05 जुलाई : जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT) सरायकेला-खरसावां द्वारा रिसर्च एसोसिएट के दो पदों को लेकर 4 जुलाई को जारी की गई शॉर्टलिस्टेड उम्मीदवारों की सूची अब रद्द कर दी गई है। यह निर्णय Manbhum Updates पर प्रसारित खबर और स्थानीय युवाओं के विरोध के बाद लिया गया है।
सूत्रों के अनुसार, उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह के निर्देश पर प्रशासन ने सूची को निरस्त कर दिया है। साथ ही, इस निर्णय की पुष्टि जिला प्रशासन की आधिकारिक वेबसाइट पर भी कर दी गई है, जिससे यह स्पष्ट हो गया है कि चयन प्रक्रिया को लेकर उठी आपत्तियों को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है।
मीडिया की खबर का पड़ा असर
यह मुद्दा उस वक्त और तूल पकड़ गया जब हमारे समाचार पोर्टल Manbhum Updates ने इस खबर को प्रमुखता से उठाया। दोपहर 1 बजे इस खबर के प्रकाशन के बाद से सोशल मीडिया पर भी भारी प्रतिक्रिया देखने को मिली। युवाओं ने स्पष्ट रूप से सवाल उठाया था कि खनन प्रभावित क्षेत्र के लिए संचालित योजनाओं में बाहरी उम्मीदवारों को वरीयता क्यों दी गई?
शॉर्टलिस्ट में पश्चिम बंगाल, बिहार, मध्यप्रदेश आदि राज्यों के अभ्यर्थियों का नाम शामिल था, जबकि कई योग्य झारखंडी युवा सूची से बाहर थे। यह बात कई युवाओं के गले नहीं उतरी। उन्होंने कहा कि DMFT जैसी योजनाओं का उद्देश्य स्थानीय विकास है, ऐसे में नियुक्ति प्रक्रिया में स्थानीय प्रतिनिधित्व और पारदर्शिता जरूरी है।
अब आगे की राह
सूत्रों का कहना है कि नई चयन प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी, जिसमें स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता देने की नीति पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। वहीं, जिला प्रशासन से भी उम्मीद जताई जा रही है कि आगे किसी भी नियुक्ति में क्षेत्रीय संवेदनशीलता और न्यायसंगत प्रक्रिया को प्राथमिकता दी जाएगी।



